सोलन में भी लिंगानुपात चिन्ता का विषय- DC

Others Solan

DNN सोलन

उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने कहा कि समाज के समग्र एवं सर्वांगीण विकास में महिलाओं की भूमिका सराहनीय हैं तथा आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर कार्य में अपनी अग्रणी भूमिका निभा रही है। उपायुक्त आज राजकीय संस्कृत महाविद्यालय सोलन में महिला दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। विनोद कुमार ने कहा कि भारत में प्राचीन समय में महिलाओं की जहां अत्यन्त सम्माननीय स्थिति थी वहीं निर्णय लेने में उन्हें बराबर के अधिकार मिले हुए थे। आज भी आवश्यकता है कि महिलाओं को समाज में सभी क्षेत्रों में बराबरी के अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को स्वास्थ्य मानकों, नारी शिक्षा, गर्भवती व नवजात शिशु पोषण, टीकाकरण में देश के सभी राज्यों में विशिष्ट स्थान दिलवाने में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा सहायकों का महत्वपूर्ण योगदान है। एकीकृत बाल विकास परियोजना के तहत चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रही हैं।

उपायुक्त ने कहा कि समाज के समान विकास के लिए लिंगानुपात में समानता समाज के सभी वर्गों का कर्तव्य है। उन्होंने लिंगानुपात संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बेटियों के समुचित विकास के लिए मौका दें। उन्होंने कहा कि सोलन जिले में भी लिंगानुपात चिन्ता का विषय है। सभी के सामुहिक प्रयासों से इस दिशा में सकारात्मक बदलाव लाए जा सकेंगे।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विवेक चंदेल ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि प्राचीन समय में महिलाओं को समाज में सम्मान तथा गर्व की दृष्टि से देखा जाता था। हमारे देश में महिलाएं न केवल अनेक शास्त्रों की रचयिता रही हैं अपितु नीति निर्धारण में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने प्रसन्नता जताई की वर्तमान में शिक्षा के क्षेत्र में लड़कियां लड़कों से कहीं आगे हैं। सभी क्षेत्रों में लड़कियां सफलता का परचम लहरा रही हैं।

 

 

 

 

 

News Archives

Latest News