DNN सोलन
न्यू पेंशन स्कीम (NPS) कर्मचारी महासंघ जिला सोलन, सोलन में 19 जून को एक विशाल पेंशन मार्च निकालेगा और पेंशन संकल्प रैली का आयोजन करेगा। इस रैली में जिला सोलन के NPS (न्यू पेंशन स्कीम) के अंतर्गत आनें वाले लगभग 8 हजार कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य भाग लेंगे। इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए संघ के जिला सोलन अध्यक्ष अशोक ठाकुर ने बताया कि 3 मार्च 2022 को शिमला में आयोजित शांतिपूर्ण रैली जिसमे प्रदेश के लगभग 50 हजार NPS कर्मचारी शामिल हुए थे, उससे लग रहा था कि शायद प्रदेश सरकार अब पुरानी पेंशन बहाली की घोषणा कर देगी पर इसके उल्टा हुआ। कर्मचारी नेताओं पर झूठे केस दायर करके उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया गया।
अशोक ठाकुर ने बताया कि संघ ने निर्णय लिया है कि पेंशन बहाली की मुहीम को अब अंजाम तक पहुँचाने की जरूरत है। इसी कारण अब हर जिले में कड़ीवार इस तरह की पेंशन संकल्प रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। सोलन में यह रैली 19 जून को आयोजित की जा रही है।
अशोक ठाकुर का कहना है कि पहले तो सरकार कहती थी कि NPS तो केंद्र सरकार का मामला है और वही इसको बंद करने का निर्णय ले सकती है, पर हाल ही में राजस्थान और छतीसगढ़ राज्यों की सरकारों ने NPS को समाप्त करके व पुरानी पेंशन को बहाल करके दिखा दिया है कि यह केवल राज्य सरकार की नीयत पर निर्भर करता है।
अशोक ठाकुर के अनुसार हिमाचल सरकार ने दिसम्बर 2021 में NPS को समाप्त करने व पुरानी पेंशन बहाली के लिए मुख्यसचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन करने की घोषणा की थी। पर विडंबना यह है कि 6 महीने गुजर जाने के बाद भी आज तक उसकी कोई बैठक नहीं हुई है। इससे यह पता चलता है कि सरकार 1 लाख 30 हजार NPS कर्मचारियों के बुढापे के प्रति कितनी संवेदनशील है। अशोक ठाकुर ने कहा कि संघ ने मुख्यमंत्री को आंकड़ों के साथ पूरी OPS बहाली की बात समझाई थी कि किस तरह इसके लागू होने से सरकारी खजाने पर कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा।
अशोक ठाकुर ने बताया कि आजकल संघ सोलन जिले के हर विभाग व कार्यालय में जाकर कर्मचारियों को NPS की खामियों के बारे में जागरूक कर रहा है व 19 जून को सोलन रैली में पहुँचने के लिए आमंत्रित कर रहा हैं। इसी कड़ी में 2 जून को सोलन, नालागढ़, कुनिहार और दाडलाघाट में जोन स्तर की बैठकों का आयोजन किया गया था। इन बैठकों में भी 19 जून की रैली को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई। अशोक ठाकुर ने सभी सरकारी कर्मचारियों व NPS से रिटायर साथियों का आह्वान किया कि वे अपने परिवारों के साथ इस रैली में जरूर शामिल हों ताकि आपकी आवाज सरकार तक पहुँच सके।















