डीएनएन सोलन
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने आज सोलन के पुराने बस अड्डे से प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की इलैक्ट्रिक वैन को झंडी दिखाकर रवाना किया।
डॉ. सैजल ने इस अवसर पर कहा कि ये इलैक्ट्रिक वैन जहां नगरवासियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाएंगी वहीं ये प्रदूषण कम करने में भी सहायक सिद्ध होंगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी जि़लों एवं महत्वपूर्ण शहरों में इलैक्ट्रिक वैन सुविधा आरंभ करने का निर्णय लिया है। समय तथा मांग के अनुसार प्रदेश में इन वाहनों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में प्रदूषण सभी के लिए प्रमुख चुनौती बनकर उभरा है। पर्यावरण संरक्षण के लिए यह आवश्यक है कि विभिन्न माध्यमों से फैलने वाले प्रदूषण को नियंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि वाहनों की बढ़ती संख्या पर्यावरण प्रदूषण का एक मुख्य कारण है। इलैक्ट्रिक वैन प्रदूषण रोकने में कारगर सिद्ध होंगी।
उन्होंने पथ परिवहन निगम को निर्देश दिए कि इन इलैक्ट्रिक वाहनों की समय सारिणी एवं पथ संचालन मांग के अनुरूप हो।
प्रदेश पथ परिवहन निगम सोलन के क्षेत्रीय प्रबंधक एसके धीमान ने कहा कि यह सेवा मुद्रिका रूप में चलाई जाएगी। आरंभ में सोलन शहर में दो इलैक्ट्रिक वाहन लोगों को सुविधा प्रदान करेंगे। पहले इलैक्ट्रिक वाहन का रूट बसाल-पुराना बस अड्डा, क्षेत्रीय अस्पताल होते हुए डमरोग तथा दूसरे वाहन का रूट शामती से घट्टी वाया क्षेत्रीय अस्पताल होते हुए पुराना बस अड्डा रहेगा। उन्होंने कहा कि इलैक्ट्रिक वाहन में 4 किलोमीटर तक 10 रुपये, 7 किलोमीटर तक 15 तथा 10 किलोमीटर तक 20 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।















