Dnewsnetwork
सोलन पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में 102.22 ग्राम अफीम और 33.96 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इन मामलों में इस्तेमाल किए गए तीन वाहन भी जब्त किए गए है। कुछ 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी साईं दत्तातरे वार्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव धाली सड़क पर एक ऑल्टो कार में बैठे व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 102.22 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी की पहचान सतीश कुमार ठाकुर (41) निवासी बिलासपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया और मामले में प्रयुक्त ऑल्टो कार को भी जब्त किया।
दूसरा मामला पुलिस थाना धर्मपुर का है। जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी की। इस दौरान एक वाहन की जांच करने पर उसमें सवार युवक के कब्जे से 10.41 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान तजिंदर सिंह (33) निवासी कसौली के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया।
एसपी ने बताया कि तीसरे मामले में धर्मपुर पुलिस की एसआईयू टीम ने 7 अगस्त 2026 को पट्टा मोड़ के समीप नाकाबंदी कर एक होंडा सिटी कार को जांच के लिए रोका। कार में सवार दो युवकों के कब्जे से 23.55 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान गौरव शर्मा (41) निवासी शिमला तथा मंथन ठाकुर (28) निवासी कुल्लू के रूप में हुई। दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया गया तथा मामले में प्रयुक्त होंडा सिटी कार को जब्त कर लिया गया। उन्होंने बताया कि तीनों मामलों में आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही पुलिस नशीले पदार्थों की सप्लाई के स्रोत और इनके संभावित नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है। तीनों मामलों में आगामी अन्वेषण जारी है।












