सेवा एवं सुशासन की अनूठी पहल जनमंच: बिक्रम सिंह ठाकुर

Himachal News

DNN धर्मशाला

उद्योग, श्रम एवं रोजगार एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने आज रविवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के दरीणी में आयोजित जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जनमंच को समाज के अंतिम व्यक्ति की समस्याओं को सुनने व उन्हें मौके पर हल करने का प्रभावी मंच बताया। उन्होंने कहा कि जनमंच में इतने अधिक लोगों का आना यह दर्शाता है कि प्रदेश सरकार किस तरह से आम आदमी की समस्याओं को उनके घरद्वार पर हल करने के लिए गंभीर है।
जनमंच के दौरान शाहपुर  विस क्षेत्र के वोह, रूलेहड, रिड़कमार, भलेड़, कनेाल, कुठारना, करेरी, घीण, भनाला, गोरडा पंचायतों के लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं।
उद्योग मंत्री ने कहा कि आम जनमानस की समस्याओं का त्वरित निदान सुनिश्चित करना ही सरकार का प्रमुख ध्येय है। उन्होंने कहा कि जनमंच कार्यक्रम लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है।
बिक्रम ठाकुर ने मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना को युवाओं के लिए वरदान बताया। उन्होंने कहा कि योजना के अन्तर्गत अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष से बढ़ाकर 45 वर्ष कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत 40 लाख तक की मशीनरी और उपकरण पर महिला उद्यमी को 30 प्रतिशत अनुदान व अन्य को 25 प्रतिशत अनुदान मिलेगा तथा तीन वर्षों तक 5 प्रतिशत ब्याज की दर से अनुदान भी दिया जायेगा। उन्होंने सभी युवाओं से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने लोगों के कल्याणार्थ अनेक योजनाएं व कार्यक्रम आरंभ किये हैं। उन्होंने लोगों से सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों से पूरी जानकारी लेकर इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उद्योग मंत्री ने नई मुहिम ‘‘एक बूटा बेटी के नाम’’ के तहत पौधा रोपा। उन्होंने कहा कि यह बच्चियों की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में संवेदनशीलता बढ़ाने का प्रयास है। उद्योग मंत्री ने हिमाचल गृहणी सुविधा योजना के तहत 10 पंचायतों के 19 पात्र परिवारों को गैस कुनेकशन वितरित किये।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक एवं शहरी विकास मंत्री सरवीन चौधरी ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि लोगों की समस्याओं का उनके घरद्वार पर त्वरित और स्थाई समाधान हो और उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े। उन्होंने लोगों से अपनी समस्याओं के समाधान और सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए जनमंच कार्यक्रम का भरपूर उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लोगों की दुख-तकलीफों को समझ कर उनके पक्के समाधान की व्यवस्था के लिए यह अभिनव कार्यक्रम आरंभ किया है।

News Archives

Latest News