DNN मनाली (रेणुका गोस्वामी)
हिमाचल प्रदेश विंटर गेम्स एसोसिएशन, अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबंधित खेल संस्थान मनाली और विंटर कार्निवल कमेटी द्वारा भारतीय ओलंपिक संघ के बैनर तले आयोजित छह दिवसीय सीनियर नेशनल एलपाइन स्की एवं स्नो बोर्डिंग चैंपियनशिप बुधवार को मनाली के विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल सोलंग में संपन्न हो गई। इसमें हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, दिल्ली और सेना के लगभग 120 स्कीयर्स ने भाग लिया। बर्फबारी के बीच इस चैंपियनशिप का समापन रोहतांग सुरंग परियोजना के मुख्य अभियंता एवं विशिष्ट सेवा मेडल से अलंकृत ब्रिगेडियर एनएम चंद्रना ने किया तथा विजेताओं को पुरस्कृत किया। समापन समारोह में नेशनल सिक्योरिटी गार्ड के सलाहकार एवं अति विशिष्ट सेवा मेडल से अलंकृत ब्रिगेडियर अशोक अभय और वायु सेना के एयर कमोडोर एम मोहंता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए ब्रिगेडियर एनएम चंद्रना ने कहा कि भारत में विंटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने में यह प्रतियोगिता बहुत ही महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपने साथ अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने की अपील भी की, ताकि भारत विंटर गेम्स में भी अपनी पहचान बना सके। ब्रिगेडियर चंद्रना ने कहा कि सोलंग के आसपास इस तरह के आयोजनों में रोहतांग सुरंग परियोजना प्रबंधन हरसंभव सहायता प्रदान करेगा।
इस अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान मनाली के अतिरिक्त निदेशक एवं आयोजन समिति के सचिव अश्वनी कुमार ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और छह दिवसीय चैंपियनशिप के दौरान करवाई गई विभिन्न स्पर्धाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विंटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने तथा स्थानीय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार ने इस प्रतियोगिता को सोलंग में आयोजित करने का निर्णय लिया। इसमें विंटर गेम्स एसोसिएशन सहित सभी संघों व संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई। उन्होंने इसके सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों और संस्थाओं का धन्यवाद किया।
चैंपियनशिप में आर्मी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की टीम ने ओवरआल चैंपियन का खिताब जीता। पुरुषों में सेना के ही देवेंद्र गुरुंग और महिलाओं में संध्या ठाकुर को
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। अंतिम दिन करवाई गई स्की फ्री स्टाइल स्पर्धा में सेना के सन्नी कुमार प्रथम, जम्मू-कश्मीर के बिलाल अहमद शेख द्वितीय और उत्तराखंड के जय सिंह तृतीय रहे। महिलाओं के वर्ग में हिमाचल प्रदेश की वर्षा ठाकुर प्रथम, संध्या द्वितीय और दिल्ली की अंकिता तृतीय रही। स्नो बोर्ड क्रास में सेना के अवतार सिंह पहले, हिमाचल के रिंकू दूसरे और सेना के टिम छेत्री तीसरे स्थान पर रहे।
समापन अवसर पर हिमाचल प्रदेश विंटर गेम्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष भोलाराम ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियो, प्रतिभागियों और आयोजन में सहयोग करने वाले विभागों तथा संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।पर्वतारोहण संस्थान के पूर्व सहायक निदेशक आरआर ठाकुर ने समारोह का संचालन किया। अंत में प्रतियोगिता का ध्वज ओलंपिक संघ
के पदाधिकारी रोशन ठाकुर को विधिवत रूप से सौंप दिया गया।
समापन समारोह में एवरेस्ट विजेता राजीव कुमार, डिकी डोलमा, पर्वतारोहण संस्थान के अन्य अधिकारी, डॉ रितेश नेगी, राजीव शर्मा, विंटर गेम्स एसोसिएशन और अन्य संस्थाओं के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।















