सेंट ल्यूक्स स्कूल की छात्राओं ने वीर जवानों को बांधी राखी, देशभक्ति के रंग में रंगा रक्षाबंधन

Politics Solan

Dnewsnetwork

सोलन। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर सेंट ल्यूक्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने देश की रक्षा में समर्पित वीर जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाकर भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते को देशभक्ति और सम्मान की भावना से जोड़ा। स्कूल की 9 छात्राओं और 4 शिक्षकों को वीर जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाने का अवसर प्राप्त हुआ। इस दौरान छात्राओं ने सेवा के अधिकारियों एवं सैनिकों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें मिठाई खिलाकर देश की सुरक्षा के लिए उनके साहस, समर्पण और निस्वार्थ सेवा के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर छात्राओं ने जवानों को यह संदेश दिया कि देश की सीमाओं की रक्षा में उनके योगदान के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में अपने त्योहार मना पाते हैं। जवानों ने भी छात्राओं के इस स्नेह और सम्मान के लिए उनका आभार व्यक्त किया। रक्षाबंधन का यह आयोजन छात्राओं के लिए भावनात्मक और प्रेरणादायक अनुभव रहा। इस दौरान देशभक्ति, सम्मान और भाईचारे की भावना देखने को मिली। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को भारतीय सेना एवं सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान और राष्ट्र सेवा की भावना से जुड़ने का संदेश भी दिया। सेंट ल्यूक्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल द्वारा आयोजित यह पहल रक्षाबंधन के पर्व को एक विशेष उद्देश्य और देशप्रेम की भावना से जोड़ने वाली रही।

Latest News