सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने को पूरे समर्पण से करें कार्य: डीसी

Kangra Others

DNN धर्मशाला

उपायुक्त कांगड़ा  राकेश कुमार प्रजापति ने कांगड़ा जिला में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और मजबूत बनाने पर जोर दिया है। प्रजापति ने शुक्रवार को यहां सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए पूरे समर्पण से कार्य करने और इससे जुड़ी लोगों की समस्याओं के तुरंत निपटारा तय बनाने को कहा।
  उपायुक्त ने जानकारी देते हुए कहा कि कांगड़ा जिला में 1066 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से 4 लाख 43 हजार 114  राशन कार्ड धारकों को आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया जा रहा है। इनमें बीपीएल, एपीएल, अंत्योदय अन्न योजना, प्राथमिक गृहस्थियां एवं अन्नपूर्णा योजना के तहत आने वाले लाभार्थी शामिल हैं। अन्तोदय राशन कार्ड धारकों को 20 किलोग्राम गंदम 2 रूपये किलो और 15 किलो चावल 3 रूपये किलो की दर से प्रत्येक राशन कार्ड पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
  उन्होंने बताया कि जिला में एपीएल श्रेणी के तहत 276854 राशन कार्ड धारक, बीपीएल के 65261, पीएचएस श्रेणी के तहत 60091 तथा अन्तोदय श्रेणी के तहत 40908 राशन कार्ड धारक हैं। बीते तीन महीनों में उपभोक्ताओं को 8854 क्विंटल गेंहू, 11019 क्विंटल चावल, 2680 क्विंटल दालें, 640 क्विंटल नमक, 9062 क्विंटल आटा, 2494 क्विंटल चीनी, 2516419 लीटर खाद्य तेल एवं 595 किलो लीटर मिट्टी का तेल वितरित किया गया। उन्होंने बताया जिला में कुल 34 गैस एजेंसियों के माध्यम से कुल 434129 पंजीकृत उपभोक्ताओं को एलपीजी की आपूर्ति की जा रही है। गत तीन माह के दौरान कुल 3 लाख 96 हजार 204 गैस सिलेंडर वितरित किए गए।
  राकेश कुमार प्रजापति ने बताया कि उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता की वस्तुएं उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में बीते तीन महीनों में 1480  औचक निरीक्षण किए गए। इनमें 30 मामलों में अनियमितताएं पाई गईं जिसमें 19 उचित मूल्यों की दुकानों व थोक केन्द्रों में अनियमितताएं पाए जाने पर 1 लाख 48 हजार 625 रूपये का जुर्माना किया गया।
  उपायुक्त ने बताया कि हिमाचल प्रदेश गृहिणी सुविधा योजना के तहत माह सितम्बर तक 15000 गैस कनैक्शन जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके तहत 5101 कुनैक्शन वितरित किये जा चुके हैं। जिला में सभी उपभोक्ताओं को डिजिटल राशन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। सभी 1066 उचित मूल्य की दुकानों पर पीओएस मशीनों के माध्यम से राशन वितरित किया जा रहा है। डिजिटल राशन कार्ड को आधार से जोड़ने का कार्य भी पूरा किया जा चुका है।
  उपायुक्त ने संबधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के साथ साथ बाजार में उपलब्ध खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता की भी समय-समय पर जांच करते रहें ताकि उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर गुणवत्तापरक वस्तुएं प्राप्त हों। इसके उपरान्त, उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति ने जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के बाद उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कांगड़ा जिला में कुल 785399 चयनित लाभार्थी हैं, जिन्हें गत तीन माह के दौरान 161252 क्विंटल गन्दम और 96599 क्विंटल चावल वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि विगत तीन माह के दौरान इस अधिनियम के तहत कोई भी शिकायत प्राप्त नहीं हुई।
  

News Archives

Latest News