DNN सोलन
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार आम आदमी की समस्याओं का निवारण उनके घरद्वार के समीप करने के लिए प्रतिबद्ध है। डॉ. सैजल आज कसौली विधानसभा क्षेत्र के कोटबेजा गांव में जनसमस्याएं सुनने के उपरांत लोगों को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. सैजल ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा सरकार प्रदेश के एक समान विकास और लोगों की समस्याओं के त्वरित निवारण की दिशा में कार्य कर रही है। सरकार के इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश में आरंभ किया गया जनमंच अत्यंत सफल रहा है। सोलन जिला में अभी तक 14 जनमंच आयोजित किए जा चुके हैं। इन जनमंच कार्यक्रमों में लगभग 1200 शिकायतों एवं समस्याओं का निपटारा सुनिश्चित बनाया गया है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जनमंच का लाभ उठाएं और अपने घर के समीप प्रदेश सरकार के मंत्री और पूरे प्रशासन की उपस्थिति में समस्याओं का उचित हल पाएं।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार तक लोग अब अपनी समस्याएं एवं शिकायतें दूरभाष पर भी पहुंचा सकते हैं। हिमाचल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आम लोगों की शिकायतों के निपटारे के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन सेवा आरंभ की है। सेवा संकल्प हेल्पलाइन के नाम से आरंभ की गई इस हेल्पलाइन पर दूरभाष नंबर 1100 पर फोन कर समस्या एवं शिकायत की जानकारी दी जा सकती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि शिकायतों के समयबद्ध निदान के लिए दूरभाष नंबर 1100 का लाभ उठाएं।
डॉ. सैजल ने कहा कि कसौली विधानसभा क्षेत्र में कोटबेजा से शिकायत निवारण कार्यक्रम आज से आरंभ किया गया है। चरणबद्ध आधार पर यह शिकायत निवारण कार्यक्रम पूरे विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किए जाएंगे।