Dnewsnetwork
दून के विधायक रामकुमार चौधरी ने कहा कि युवा शक्ति की ऊर्जा और वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव मिलकर समाज को मज़बूत आधार प्रदान कर सकता है। राम कुमार चौधरी आज सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा ग्राम पंचायत पट्टानाली में आयोजित युवा पीढ़ी एवं वरिष्ठ नागरिकों के मध्य अंतर पीढ़ीगत संबंधों के सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और युवाओं की आधुनिक सोच को वरिष्ठों के अनुभव के साथ जोड़ना समय की जरूरत है। युवाओं को अपने बुजुर्गों के अनुभव को बोझ नहीं, बल्कि जीवन की अमूल्य पूंजी समझना चाहिए। वरिष्ठ नागरिकों ने जीवन में अनेक परिस्थितियों का सामना किया है और उनका अनुभव युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते है, वहीं युवा अपनी ऊर्जा, तकनीकी ज्ञान और आधुनिक विचारों के माध्यम से समाज को आगे ले जाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
विधायक ने प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में उठाए जा रहे विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक रूप से उगाई गई गेहूं, हल्दी, दूध और मक्की की फसल के लिए सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य में आशातीत बढ़ौतरी की है। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति को मज़बूत करने के लिए पारंपरिक कृषि के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों, बागवानी, पशुपालन तथा अन्य आयवर्धक गतिविधियों को अपनाना आवश्यक है।
उन्होंने बी.पी.एल. सूची में चयनित 567 परिवारों के वरिष्ठ नागरिकों को भी सम्मानित किया। उन्होंने इन परिवारों को शुभकामनाएं दी और कहा कि सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र परिवारों को सामाजिक सुरक्षा तथा विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और आवश्यकताओं के बारे में फीडबैक भी लिया तथा उनकी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में गत तीन वर्षों के कार्यकाल के दौरान लगभग 600 करोड़ रुपए के विभिन्न विकासात्मक कार्य करवाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास की योजनाओं को पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, ग्रामीण विकास और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मज़बूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने ग्राम पंचायत पट्टानाली की विभिन्न मांगों के अनुरूप विकासात्मक कार्यों के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपए उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत द्वारा प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए जाएं ताकि आवश्यक कार्यों को शीघ्र आगे बढ़ाया जा सके।
उन्होंने इस अवसर पर अमरूद का पौधा रोपित किया और ग्रामीणों को अधिक से अधिक फलदार पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों तथा खंड विकास अधिकारी द्वारा प्रदेश सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं की ग्रामीणों को विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पात्र लोगों को योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी अवगत करवाया तथा ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे पात्रता के अनुसार इन योजनाओं का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत पट्टानाली की प्रधान आशा कंवर, ग्राम पंचायत कैंडोल के प्रधान प्यारेलाल, ग्राम पंचायत पट्टानाली के पूर्व प्रधान हेमचंद कश्यप, ग्राम पंचायत कैंडोल के पूर्व प्रधान बक्शी राम, ग्राम पंचायत बाड़ियां के पूर्व प्रधान लक्की, ग्राम पंचायत मलपुर के पूर्व प्रधान पोलाराम, खंड विकास अधिकारी पट्टा कुलदीप कुमार, ज़िला कल्याण अधिकारी सोलन विवेक अरोड़ा, विभिन्न पंचायत के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक तथा स्थानीय लोग उपस्थित थे।











