DNN बिलासपुर
8 जून– प्रदेश के स्कूल कालेज में पढ़ने वाले 19847 मेधावी बच्चों को लैपटॉप वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। सदर विधानसभा चुनाव क्षेत्र के सभी 10वी तथा 12वीं के मेधावी बच्चों को विधायक सदर सुभाष ठाकुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्रा बिलासपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘‘श्रीनिवास रामानुजन छात्र डिजिटल योजना’’ के तहत 284 बच्चों को लैपटॉप वितरित किए। मेधावियों को लैपटॉप के साथ बैग भी दिया गया।
इस अवसर पर बोलते हुए सुभाष ठाकुर ने कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र के सभी संकायों के 342 मेधावी बच्चों को लैपटॉप वितरित किए जाएंगे जिसमें शैक्षणिक सत्र 2018-19 के 150 तथा शैक्षणिक सत्र 2019-20 सत्र के 192 बच्चों को लैपटॉप दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्कूलों में गुणात्मक शिक्षा प्रदान के लिए लगातार प्रयासरत है। सभी शिक्षण संस्थानों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
उन्होंने बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए लैपटॉप वितरित कर रही है। उन्होंने कहा कि करोना के कारण दो वर्षों तक लैपटॉप का वितरण नहीं किया जा सका था। अब मेधावियों को आधुनिक तकनीक के लैपटॉप दिए जा रहे हैं जिस पर प्रदेश सरकार 83 करोड़ रूपये खर्च कर रही है। डैल कम्पनी के इन लैपटॉप में बैटरी सहित 3 वर्ष की वारंटी उपलब्ध है।
उन्होंने अधिकांश छात्राओं द्वारा लैपटॉप हासिल करने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा बच्चों से आहवान किया वे भविष्य में भी अपने परिश्रम में कमी न रखें ताकि जीवन में नई ऊॅंचाईयां हासिल कर सके।
इस अवसर पर मंण्डलाध्यक्ष हंस राज ठाकुर, शहरी ईकाई अध्यक्ष मदन राणा, एसएमसी अध्यक्ष अतुल दास, पार्षद केश पठानिया, उप निदेशक प्रारम्भिक कुलभूषण राकेश, प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्रा बिलासपुर मनोज कुमार सहित मेधावी छात्र व उनके माता पिता भी उपस्थित रहे।















