DNN नाहन। (अब्दुल)
उपायुक्त कार्यालय नाहन के बचत भवन में आज जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने की।
दरअसल इस बैठक में जहां केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा की गई, तो वहीं कई मामलों में सांसद सुरेश कश्यप ने जिला के अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश जारी किए। बैठक में खासकर सदस्यों द्वारा उठाए गए जिला में कई जगहों पर सड़कों की समय से पहले टारिंग उखड़ने के मामले में सांसद ने कड़ा संज्ञान लिया, तो वहीं अधिकारियों को फील्ड में जाकर सड़कों के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के भी सख्त दिशा निर्देश जारी किए। सड़कों की गुणवत्ता को लेकर किसी भी तरह का समझौता न करने की सांसद सुरेश कश्यप ने बात कही।
मीडिया को बैठक की जानकारी देते हुए सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि आज आयोजित बैठक में केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा की गई। मुख्यत: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को लेकर विस्तार से अधिकारियों के साथ चर्चा की गई है। पीएमजीएसवाई के तहत करीब एक दर्जन से अधिक कार्यों को जून माह तक पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत अधिकारी हर घर में नल के साथ जल को भी सुनिश्चित करें। इस मिशन के तहत भी देश भर में प्रदेश अव्वल है और जिला में भी इस दिशा में बेहतर कार्य चल रहा है। सांसद ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को भी गर्मी से पूर्व अपनी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश जारी किए ताकि लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े। सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अधिकारी विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने बैठक में सदस्यों द्वारा कई जगहों पर समय से पहले सड़कों की टारिंग उखड़ने के मामले में कहा कि अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए है कि वह गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें और खुद फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण करें, ताकि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जा सके। सांसद ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिला में चल रहे कार्यों पर भी संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उक्त योजना के तहत 2016-17 में जिला में 95 प्रोजेक्ट में से 67 को पूरा कर लिया गया है और 28 पर कार्य चल रहा है और डेढ़ दर्जन के करीब कार्य मार्च माह तक पूरे कर लिए जाएंगे।















