DNN सोलन
पूर्व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री व वर्तमान में सोलन के विधायक कर्नल धनीराम शांडिल एक स्कूल के मैदान का शिलान्यास नहीं कर पाए। शिलान्यास स्थल से शिलान्यास पट्टिका ही किसी ने गायब कर दी। इसके बाद विधायक धनीराम शांडिल ने मामले की शिकायत पुलिस विभाग में की है और ऐसी हरकत करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार विधायक धनीराम शांडिल ने बसाल पंचायत के अंतर्गत कठार स्कूल के मैदान का शिलान्यास करना था। शनिवार को करीब 11:30 बजे शिलान्यास कार्यक्रम तय था और उनके टूर प्रोग्राम में भी बकायदा इसे शामिल किया गया था। लेकिन मौके पर से शिलान्यास पट्टिका ही गायब हो गई। जिसकी जानकारी विधायक को दी गई और उसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस में की। विधायक धनीराम शांडिल ने बातचीत में बताया कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस महानिदेशक सीताराम मराडी से शिकायत की है और दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर सिलसिलेवार तरीके से उनकी शिलान्यास व उद्घाटन पट्टी पहले तोड़ चुके हैं और अब इस प्रकार की ओछी हरकत की गई है।















