DNN नाहन
22 अक्तूबर। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब से हरियाणा के जगाधरी सें शादी समारोह से वापस लौट रही पांवटा साहिब नगर परिषद के वाइस चेयरमैन के भतीजे की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा हरियाणा के यमुनानगर जिला के खिदराबाद में हुआ। जिसमें भाई की शादी से लौट रहे एक भाई सहित दो की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक भाई सहित तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके कारण परिवार के साथ साथ शहर में भी मातम छा गया। पांवटा साहिब नगर परिषद के वाइस चेयरमैन ओपी कटारिया के भतीजे विशाल कटारिया की 21 अक्टूबर को शादी थी। बारात की एक कार देर रात को वापिस लौटते वक्त खिदराबाद के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमें दूल्हे के फूफेरे भाई वैभव और दोस्त सोनू की मौत हो गई। वहीं, एक भाई रितिक की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा मोहीन ओर कमल भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी की उम्र 19 से 24 साल के बीच बताई जा रही है, जो पांवटा साहिब के रहने वाले हैं। उधर, हरियाणा पुलिस ने पोस्टमार्टम जगाधरी में करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। हादसे की पुष्टि डीएसपी वीर बहादुर ने की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस हादसे की जांच कर रही है।















