वस्त्र मंत्रालय के आउटरीच कार्यक्रम से कांगड़ा के कारीगर हो रहे लाभान्वित

Kangra Politics
DNN धर्मशाला
केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय द्वारा हस्तशिल्प क्षेत्र के संवर्धन एवं विकास के लिए शुरू किए गए 100 दिनों के आउटरीच कार्यक्रम के दौरान कांगड़ा जिला में हस्तशिल्प कारीगरों की मदद करने के लिए अनेक प्रयास किए गए हैं। इस आउटरीच कार्यक्रम के दौरान कांगड़ा जिले में कारीगर पहचान कार्ड जारी करने के लिए 688 कारीगरों को नामांकित किया गया, कारीगरों को 197 पहचान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। यह जानकारी देते हुए सहायक निदेशक, हस्तशिल्प, अवधेश ठाकुर ने बताया कि इसके अलावा कार्यक्रम के तहत जिला में मुद्रा ऋण के तहत सहायता हेतु 114 कारीगरों के आवेदन संकलित किए गए। सामाजिक सुरक्षा स्कीम के तहत प्रधान मंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) तथा प्रधान मंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) के तहत 169 कारीगरों को नामांकित किया गया। आउटरीच कार्यक्रम के दौरान 240 कारीगरों को विपणन मंच प्रदान किया गया और प्रतिभागी कारीगरों द्वारा 0.44 लाख रुपए की बिक्री की गई। 
गौरतलब है कि केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय ने हस्तशिल्प क्षेत्र पर 100 दिनों के आउटरीच कार्यक्रम के दौरान देश के 19 जिलों के कारीगरों के विकास के लिए मंत्रालय की विभिन्न स्कीमों के लाभों को आगे बढ़ाने की दृष्टि से गत वर्ष 2 नंवबर से विभिन्न गतिविधियां शुरू की हैं। इनके तहत कारीगर पहचान कार्ड जारी करने के लिए पहचान पहल के तहत कारीगरों का नामांकन पहचान कार्डों का वितरण,मुद्रा ऋण के तहत सहायता, पीएमजेजेबीवाई तथा संशोधित बीमा योजना, विभिन्न शिल्पों पर शिल्प प्रदर्शन कार्यक्रम ,प्रदर्शनियाँ एवं बिक्री और शिल्प जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
9 फरवरी को धर्मशाला में विशेष शिविर 
अवधेश ठाकुर ने बताया कि आउटरीच कार्यक्रम के तहत 9 फरवरी को धर्मशाला में खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सभागार में एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान कारीगरों को वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार की विभिन्न स्कीमों का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया जाएगा।  
शिविर के दौरान पहचान पहल के तहत कारीगरों का नामांकन, पहचान कार्डों का वितरण, मुद्रा ऋण आवेदनों को संकलित करना और स्वीकृति प्रमाणपत्रों का वितरण, शिक्षा के लिए कारीगरों एवं उनके बच्चों का इग्नू एवं एनआईओएस में नामांकन, प्रधान मंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) तथा संशोधित बीमा योजना के तहत कारीगरों का नामांकन किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न शिल्पों का लाइव प्रदर्शन, प्रदर्शनी सह बिक्री का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रमों में प्रतिभागी कारीगरों को जीएसटी सहित निर्यात प्रक्रिया के प्रति जागरूक करपे पर भी जोर रहेगा। शिविर में 100 दिवसीय हस्तशिल्प आउटरीच कार्यक्रम की उपलब्धियों पर प्रस्तुतिकरण भी दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस कड़ी में 11 एवं 12 फरवरी, 2019 को हिमाचल प्रदेश स्टेट गेस्ट हाउस, नई दिल्ली में लाइव प्रदर्शन के साथ शिल्प जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि कांगड़ा जिले के शिल्पों के बारे में कला प्रेमियों तथा जनसाधारण के बीच स्थानीय स्तर पर जागरूकता सृजित की जा सके। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश राज्य के कांगड़ा जिले में शुरू किए गए आउटरीच कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सफलता पर भी प्रकाश डाला जाएगा। संबंधित जिलों के चुने गए सिद्धहस्तशिल्पी 13 फरवरी, 2019 को अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र, नई दिल्ली में आयोजित किए जाने वाले एक मेगा कार्यक्रम में भाग लेंगे और एक छत के नीचे अपने अभिनव हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन भी करेंगे।

News Archives

Latest News