DNN श्री रेणुका जी
25 अप्रैल । सिरमौर जिला में एक शादी समारोह में आए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। युवक की हत्या हुई है या फिर उसके साथ कोई हादसा, सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सामने आएगा और उसी के आधार पर पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी। मामला जिला के श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के तहत गत्ताधार के क्याडों गांव में देर रात सामने आया है।
जानकारी के अनुसार हरिपुरधार क्षेत्र के साथ लगते शिमला जिला के कुपवी निवासी 35 वर्षीय मोहनलाल गत्ताधार में शादी समारोह में आया था। यहां मोहनलाल खून से लथपथ मृत अवस्था में पाया गया। मामले की सूचना संगड़ाह पुलिस थाना को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू की और शव को कब्जे में लिया गया। मृतक के सिर पर गहरी चोट आई थी। पुलिस मामले में हत्या या हादसा दोनों एंगल पर जांच कर रही है।
मृतक मोहनलाल के शव को रात के समय पीएससी गत्ताधार में रखा गया, जिसके बाद उसे पोस्टमार्टम हेतु सराहां लाया गया। सराहां में पोस्टमार्टम की व्यवस्था न होने पर मृतक के शव को नाहन मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां आज शव का पोस्टमार्टम हुआ। वहीं पुलिस इस मामले को लेकर पूरी गंभीरता के साथ जांच को आगे बढ़ा रही है। मौके के साक्ष्यों और घटनाक्रम को गहनता जांचा और परखा जा रहा है।
उधर जिला के एसपी ओमापति जमवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक की मौत को लेकर हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद और मौके के गवाहों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।















