08 लाख रुपए की लागत से निर्मित मंच तथा भण्डारण कक्ष का किया लोकार्पण
Dnewsnetwork
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मन्त्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि मेले, उत्सव एवं त्योहार हमारी सभ्यता के परिचायक हैं।
स्वास्थ्य मन्त्री आज कण्डाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत छावशा के डुमैहर-आंजी गांव में दो दिवसीय श्री ब्रिजेश्वर मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।
डॉ. शांडिल ने इससे पूर्व डुमैहर आंजी स्थित मेला मैदान में 08 लाख रुपए की लागत से निर्मित मंच तथा भण्डारण कक्ष का लोकार्पण भी किया ।
स्वास्थ्य मन्त्री ने कहा कि मेले एवं त्यौहार जहां एक ओर आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ावा देते हैं वहीं ग्रामीण लोगों के लिए मनोरंजन का साधन भी हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि स्थानीय स्तर पर आयोजित मेलों की परंपरा को संजोए रखें ताकि इनके माध्यम से स्थानीय लोक संस्कृति को बढ़ावा मिलता रह और युवा पीढ़ी अपनी परम्पराओं को जान सके। ।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश और समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं को अपनी असीमित ऊर्जा का सदुपयोग खेलकूद, सामाजिक कार्यों एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक हैं, अपितु युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी समृद्ध लोक संस्कृति एवं परंपराओं को आत्मसात करने तथा भावी पीढ़ियों के लिए इस विरासत को सहेजने का भी आग्रह किया।
डॉ शांडिल ने बखेला से नेरी सड़क निर्माण के लिए 02 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की सभी मांगे चरणबद्ध तरीके से शीघ्र पूर्ण की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सोलन विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को गति प्रदान की जा रही है।
उन्होंने इस अवसर पर जन समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही इन्हें निपटाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर स्थानीय बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर कुश्ती का आयोजन भी किया गया।
प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव रमेश ठाकुर, ग्राम पंचायत छावशा के प्रधान ज्ञानचंद, ग्राम पंचायत वाकना की प्रधान प्रीती, बीडीसी सदस्य अजनेश कुमारी, ग्राम पंचायत छावशा के उप प्रधान कार्तिक ठाकुर, मेला समिति के प्रधान रणजीत सिंह, उप प्रधान राजेंद्र वर्मा एवं अन्य पदाधिकारी, खंड विकास अधिकारी कंडाघाट ओम प्रकाश शर्मा, नायब तहसीलदार ममलीग सुरेंद्र चंदेल, खंड चिकित्सा अधिकारी सायरी डॉ. अजय सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।














