DNN सोलन
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के 21 अक्तूबर, 2018 के सोलन के प्रस्तावित प्रवास के दृष्टिगत आज यहां एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने की। विनोद कुमार ने कहा कि 21 अक्तूबर 2018 को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का सोलन का प्रवास संभावित है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस दिन सोलन में नशे के विरूद्ध एक वृहद स्तरीय रैली को संबोधित करेंगे। इस रैली में सोलन के विभिन्न विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों के छात्रों सहित महिला मंडल, युवक मंडल तथा अन्य सामाजिक संस्थाएं भाग लेंगी।
उपायुक्त ने कहा कि नशे के विरूद्ध रैली में मुख्य रूप से 9वीं, 10वीं, 11वीं, 12वीं तथा महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय स्तर के छात्रों को नशे के विरूद्ध जागरूक बनाया जाएगा। यह कार्यक्रम ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित किया जाएगा। विनोद कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार नशे जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में जिला प्रशासन को उचित कार्यवाही एवं कार्यक्रम कार्यान्वित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन इस दिशा में योजनाबद्ध कार्यवाही कर रहा है। उन्होंने विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि नशे के विरूद्ध आयोजित होने वाली इस रैली में अधिक से अधिक संख्या में छात्रों को सम्मिलत करवाएं ताकि सभी विशेषकर युवा नशे के विरूद्ध जागरूक हो सकें। उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान में नशे के सेवन के अनेक मामले सामने आ रहे हैं। नशे पर अंकुश जनसहयोग द्वारा ही संभव है। उन्होंने कहा कि युवा हमारे देश तथा प्रदेश का भविष्य हैं और नशे के विरूद्ध युवाओं की जागरूकता आवश्यक है उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का यह प्रयास है कि युवा स्वयं नशे जैसी सामाजिक कुरीति के विरूद्ध दूत बनें और अपने साथियों को इस बुराई से दूर रखने में सहायक सिद्ध हों।
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री इस दिन सेंटारोजा में मंडियाली सभा सोलन द्वारा आयोजित अभिनन्दन समारोह की अध्यक्षता भी करेंगे।उन्होंने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद सोलन तथा विद्युत बोर्ड लिमिटिड सहित विभिन्न विभागों को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित प्रवास के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं सुचारू बनाने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक सोलन मधुसूदन शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि नशे पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनसहयोग एवं युवाओं का साथ आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन इस दिशा में आशातीत सफलता के साथ कार्य कर रहा है। जनता के सहयोग से नशे एवं नशे के सौदागरों पर नियंत्रण पाया जा रहा है, नशे के आदि हो चुके युवाओं को समाज की मुख्यधारा में पुनः लौटाने के लिए नशा मुक्ति पुनर्वास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं तथा संवेदनशील वर्गों को चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा कि नशे से बचाव हम सभी का कर्तव्य है।
मधुसूदन शर्मा ने कहा कि सोलन जिले में थाना स्तर पर नशा निवारण समितियां गठित की गई हैं। इन समितियों में क्षेत्रवार स्तर पर सभी को बुलाया जाएगा ताकि नशे पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस रैली में भाग लें और नशे के विरूद्ध अभियान में सहयोग दें ताकि हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त करने की परिकल्पना को साकार किया जा सके।















