DNN सोलन
15 अगस्त ज़िला सोलन के नालागढ़ स्थित पुराना राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र के मैदान में उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ महेन्द्र पाल गुर्जर ने उपमण्डल स्तरीय 76वें स्वतंत्रता दिवस की अध्यक्षता की।
इस अवसर पर उपमण्डलाधिकरी ने स्थानीय लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वीर भूमि हिमाचल प्रदेश ने भी देश के स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि राज्य के स्वतंत्रता सेनानियों, जन-नायकों और लोगों ने आज़ादी के लिए लम्बा संघर्ष करते हुए कठोर यातनाएं सही। उन्होंने कहा कि देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग, समर्पण, राष्ट्र प्रेम और बलिदान देश की एकता और अखण्डता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए हमें प्रेरित करता है।
उन्होंने प्रदेश सरकार की शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, उद्योग इत्यादि क्षेत्रों की विकासात्मक गतिविधियों तथा उपलब्धियों की जानकारी भी दी।
इससे पूर्व उन्होंने शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर शहीदों को भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की।
इस अवसर पर विभिन्न संस्थानों द्वारा सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
महेन्द्र पाल गुर्जर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों तथा प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया।















