DNN चंबा
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य, बागवानी व सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में युवाओं के लिए बागवानी स्वरोजगार के बेहतरीन विकल्प के तौर पर उपलब्ध है। जरूरत इस बात की है कि युवा बागवानी की ओर अपना रुझान बढ़ाएं । महेंद्र सिंह ठाकुर ने यह बात आज चंबा विधानसभा क्षेत्र के तहत हरिपुर में आयोजित जनसभा में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए अपने संबोधन के दौरान कही। इससे पूर्व उन्होंने 2 करोड़ 9 लाख की लागत वाली ग्राम पंचायत सरोल, हरिपुर और राजपुरा की विभिन्न पेयजल योजनाओं के वितरण प्रणाली सुधार योजना की आधारशिला भी रखी । इसके अलावा उन्होंने चंबा विधानसभा क्षेत्र के तहत एक करोड़ 52 लाख की पेयजल योजना मंगला की वितरण प्रणाली सुधार , 3 करोड़ 35 लाख की ठूंडू फरगोला पेयजल योजना वितरण प्रणाली सुधार और 3 करोड़ 34 लाख की लागत वाली हडार गुड्डा पेयजल योजना वितरण प्रणाली सुधार की आधारशिलाएं भी रखी। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि चंबा विधानसभा क्षेत्र के तहत बनने वाली इन चार पेयजल योजनाओं पर करीब 10 करोड़ की राशि खर्च होगी।
महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि बागवानी विकास के लिए विश्व बैंक पोषित 1134 करोड़ की हिमाचल प्रदेश बागवानी विकास परियोजना प्रदेश में बागवानी के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने में उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि चंबा जिला में जल संसाधनों की कोई कमी नहीं है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अलावा ग्रामीण विकास विभाग, वन विभाग और कृषि विभाग का मृदा संरक्षण विंग इस जल संसाधन को संवर्धित करने में सामूहिक तौर पर अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगे तो जिला में उपलब्ध प्रचुर जल संसाधन बागवानी और कृषि के लिए वरदान से कम नहीं होगा ।
उन्होंने बागवानी विभाग के अधिकारियों को कहा कि विभाग क्लस्टर आधारित बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य करे ताकि बागवानी में इस एप्रोच को अपनाते हुए अधिकाधिक क्षेत्र को बागवानी के तहत लाया जा सके। बागवानी विकास की योजना बनाते समय सिंचाई की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाए। बागवानी विभाग सस्ते दामों पर बागवानों को फल पौधे भी वितरित कर रहा है।
जनमंच की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में शुरू किया गया जनमंच कार्यक्रम लोगों की समस्याओं के समाधान का एक उपयोगी मंच साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि अब तक आयोजित हुए जनमंचों में 43000 से ज्यादा शिकायतें व मांगे प्राप्त हुई। इनमें से 96 फीसदी शिकायतों जबकि 88 फ़ीसदी मांगों का समाधान किया जा चुका है।
उन्होंने प्रदेश के कुछ जिलों का उदाहरण देते हुए बताया कि इन जिलों के युवा सरकारी सेक्टर के बजाय बागवानी को अपनाकर स्वरोजगार अपनाने को तरजीह दे रहे हैं ।महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कि यह बड़ी प्राथमिकता है कि चंबा और सिरमौर जिलों को विकास के मामले में विशेष फोकस दिया जाए ।उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में चंबा जिला विकास के मामले में अग्रणी बनकर उभरेगा।
साहू में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग का अलग उपमंडल खोले जाने की मांग पर महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि व्यवहारिकता रिपोर्ट के आधार पर इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा।















