DNN बिलासपुर
14 दिसम्बर। झंडुत्ता विधानसभा क्षेत्र विधायक जीत राम कटवाल ने झंडुत्ता विधानसभा क्षेत्र में महिला मण्डलों को सुदृढ़ करने के लिए सोमवार को 97 महिला मंडलों को 9 लाख 70 हजार रूपए की धनराशि वितरित की जिसमें प्रत्येक महिला मंडल को 10-10 हजार रूपए के चेक दिए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि झंडुत्ता विधानसभा क्षेत्र में इस वर्ष कुल 211 महिला मंडलों को 21 लाख 10 हजार रुपये के चेक वितरित कर लाभान्वित किया गया है। इस मौके पर कोविड 19 के नियमों का पूर्ण रूप से पालन किया गया जिसमें उचित दूरी तथा फेस मास्क, सेनिटाइजर का प्रयोग करवा कर महिलाओं को चेक वितरित किये गये।
विधायक कटवाल ने कहा कि महिलाओं को सशक्त करने के लिए केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। ताकि उन्हें सुरक्षा, वित्तीय सहायता और सम्मानजनक जीवन जीने के अवसर प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि महिलाओं के कल्याणार्थ प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे बेटी है अनमोल योजना, मदर टेरेसा असहाय मातृ संबल योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना चलाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि झंडुत्ता विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने के प्रयास किये जा रहे है। ताकि विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सभी मूलभूत सुविधाएं घर-द्वार पर ही मिल सके। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों में धन की कमी आडे नहीं आने दी जाएगी। सभी क्षेत्रों का एक समान विकास सुनिश्चित करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा की ग्रामीण स्तर तक लोगों को सभी सुविधाएं मिलें इसके लिए प्रदेश सरकार वचनबद्ध है।
विधायक ने बताया कि पिछड़ा क्षेत्र कोटधार इलाके की पेयजल समस्या को हल करने के लिए 55 करोड़ रुपये की कुटवांगड पेयजल योजना की स्वीकृति करवाई। इस परियोजना के तहत गोविंद सागर झील से प्रतिदिन 80 लाख लीटर पेयजल कोटधार क्षेत्र तथा विधानसभा क्षेत्र की अन्य पंचायतों में भी वितरित किया जाएगा।
उन्हानें पुलों तथा सड़कों में किये जा रहे विकास कार्यों पर जानकारी देते हुए बताया की विधानसभा क्षेत्र के लोगों को यातायात के लिए बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 78 करोड़ रुपये की लागत से केन्द्रीय सड़क फण्ड (सीआरएफ) के तहत बनने वाली मेजर डिस्ट्रीक रोड़ (एम.डी.आर.) सड़क पनौल-झंडूता बाया नंदनगराओं-जेजवीं सड़क परियोजना से कोटधार तथा झंडूता क्षेत्र के साथ अन्य विधानसभा क्षेत्रों के लोग भी लाभान्वित होंगे। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत नंदनगराओं में 54 करोड़ रुपये कोटधार को जोड़ने वाले गोविन्द सागर झील के ऊपर लगभग 380 मीटर पुल का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 45 करोड़ रु से बबखाल पुल का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। गंगलोह से मलराओं तक की सड़क की अपग्रेडेशन हेतु 9 करोड़ 65 लाख रुपये स्वीकृत करवाये। करलाटा से खैरीयां तक की सड़क को पक्का करने के लिए 3 करोड 54 लाख रुपये से निर्मित किया जा रहा है। धनी से चोंता सड़क के लिए 4 करोड़ 60 लाख रुपये राशि स्वीकृत करवाई गई है, 4 करोड़ 4 लाख रुपये से दसलेहड़ा से खमेहड़ा कलां पुल की स्वीकृति करवाई, 11 करोड़ रुपये से झंडूता से भड़ोली कलां सड़क के सुधार कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा की पूरे झंडुत्ता विधानसभ क्षेत्र के लोगों के लिए परिवहन सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से मुद्रिका बस सेवा शरू की गई है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मोहेंद्र चन्देल, जिला परिषद सदस्य वीना चन्देल, पूर्व प्रधान कांशी राम, ग्राम पंचायत प्रधान रमेश धीमान, कमल चैहान, हरबंस भभोरिया, खंड समन्यवक रमेश ठाकुर उपस्थित थे।















