Dnewsnetwork
कसौली। जिला सोलन के पुलिस थाना कसौली के अंतर्गत एक महिला को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्तौल बरामद करने के साथ उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को बंगोआ निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई कि नरेन्द्र कुमार (37), निवासी नबीपुर कॉलोनी, तहसील एवं जिला गुरदासपुर (पंजाब), उसके घर में घुस आया और उसके बेटे के सामने उस पर पिस्तौल तान दी। आरोपी ने महिला को जान से मारने के साथ-साथ खुद आत्महत्या करने की धमकी भी दी।
एसपी साई दत्तातरे वार्मा ने बताया कि आरोपी शाम करीब 5 बजे दोबारा महिला के घर पहुंचा। इसके बाद वह उसका पीछा करते हुए पुलिस चौकी कुठाड़ तक पहुंच गया। यहां भी आरोपी पिस्तौल निकालकर स्वयं को गोली मारने की धमकी देने लगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी कुठाड़ में तैनात कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को काबू कर लिया और उसके कब्जे से पिस्तौल बरामद की। पुलिस जांच में आरोपी हथियार का कोई वैध लाइसेंस या संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस मामले में पुलिस थाना कसौली में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने 11 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी मोटरसाइकिल और पिस्तौल जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।














