DNN कुल्लू
09 नवम्बर। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी (नागरिक) मनाली रमन घरसंगी ने जनसाधारण को सूचित किया है कि 22-मनाली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 16 नवम्बर से 15 दिसम्बर, 2020 तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन मनाली स्थित उनके कार्यालय के अतिरिक्त सम्बंधित तहसील कार्यालय, बूथ लेवल अधिकारी कार्यालय तथा प्रत्येक मतदान केन्द्र में उपरोक्त अवधि के दौरान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस अवधि के दौरान नए मतदाता जिनका नाम वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तथा जिनकी आयु 1 जनवरी, 2021 को 18 वर्ष या इससे अधिक होगी, के नामों को मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा। इसके अतिरिक्त अशुद्ध नामों को शुद्ध करने, विवाह, मृत्यु व स्थान त्याग के कारण अपात्र मतदाताओं के नामों को भी काटा जाएगा। इसके लिए प्रारूप 6,7,8 व 8क जो भी समुचित हो , भरा जाएगा।
उन्होंने बताया कि आम जनता की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केन्द्र पर 21, 22 नवम्बर, 2020 तथा 5 और 6 दिसम्बर, 2020 को प्रातः 11 बजे दावे व आक्षेप दाखिल करने हेतु विशेष अभियानों एवं बूथ लेवल एजेंटों की बैठकों का भी आयोजन किया जाएगा। जो मतदाता किसी कारणवश अपना पहचान पत्र दूसरी बार बनाना चाहते हैं, वे भी अपना पहचान पत्र बनाने हेतु उक्त अवधि के दौरान अपने मतदान केन्द्र के अभिहित अधिकारी तथा बूथ लेवल अधिकारी के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं ताकि आगामी निर्वाचन में अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।















