DNN मनाली
07 अप्रैल। जिला कुल्लू की पर्यटन नगरी मनाली के साथ लगते चिचोगा गांव में पुलिस की टीम ने पत्थरों के नीचे दबाया गया महिला का शव बरामद किया है। महिला का शव बुरी हालत में पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है और उसे अब पोस्टमार्टम के लिए मनाली अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं आशंका जताई जा रही है कि महिला की पहले हत्या कर दी गई और उसके बाद उसे पत्थरों के नीचे दबा दिया गया। अब मनाली पुलिस ने धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मनाली पुलिस को दिए बयान में अमित पुत्र शंकर दास गांव चिचोगा डाकखाना मनाली जिला कुल्लू ने कहा है कि चीचोगा गांव में उसके मकान के साथ ही पगडंडी के साथ जमीन से पत्थर निकाले थे। वह बीच-बीच में मकान को देखने जाता है। बुधवार को जब यह मकान के साथ पगडंडी के रास्ते के पास पहुंचा तो वहां पर पत्थरों से दुर्गंध आ रही थी। जब वो पत्थरों के पास गया तो नीचे गड्ढे में कपड़े में कोई चीज लिपटी हुई पाई गई और वहा एक महिला का शव गली सड़ी हालत में मिला। उसके बाद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया है। डीएसपी मनाली हेमराज ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद महिला की मौत के कारणों का सही पता चल पाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई हैं।















