मनरेगा में शामिल किये गए हैं 260 कार्य : सरवीन चौधरी

Kangra Politics

DNN धर्मशाला
शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीन चौधरी ने कहा कि मनरेगा योजना की गांव के लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में बड़ी भूमिका है तथा मनरेगा का आकार बढ़ा कर अब इसके तहत 260 प्रकार के काम शामिल किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा बड़ी महत्वपूर्ण योजना है तथा रोजगार सृजन का कार्यक्रम इसके तहत चल रहा है। जरूरी है कि सभी लोगों विशेषकर जनप्रतिनिधियों को मनरेगा के तहत शामिल 260 प्रकार के कार्यों की जानकारी हो। उन्होंने सम्बंधित विभाग को जनप्रतिनिधियों को इन कार्यों की जानकारी देने वाली शिक्षा सामग्री उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
सरवीन मंगलवार को धर्मशाला में जिला परिषद सभागार में आयोजित काँगड़ा जिला की विकास योजना एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं।

20 सूत्रीय कार्यक्रम के तहत इन बिंदुओं पर हुई चर्चा
बैठक में 20 सूत्रीय कार्यक्रम के तहत गरीबी उन्मूलन एवं मनरेगा के तहत रोजगार सृजन, पंचायती राज, किसानों की सहयता एवं भूमिहीनों को जमीन उपलब्ध करवाने, श्रम कल्याण, खाद्य सुरक्षा एवं लक्षित सार्वजनिक वितरण, आवास योजना, शुद्ध पेयजल, ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति कल्याण, महिला विकास, बाल विकास, युवा विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं वनीकरण, सामाजिक सुरक्षा, प्रधानमन्त्री ग्राम सड़क योजना, ग्रामीण क्षेत्रों का विद्युतीकरण, पिछड़े क्षेत्रों का विकास और ई गवर्नेंस से जुड़े बिन्दुओं पर चर्चा एवं इनसे जुड़ी योजनाआंे के कार्यान्वयन की प्रगति की समीक्षा की गई।
इसके अलावा शहरी विकास मंत्री जिला में विकास में जन सहयोग, पिछड़ा क्षेत्र उप योजना, मुख्यमंत्री ग्राम पथ योजना एवं नाबार्ड की योजनाओं की प्रगति का भी जायजा लिया।

जय राम सरकार दे रही संतुलित विकास पर बल
इस दौरान सरवीन चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित विकास पर बल दे रही है । उन्होंने अधिकारियों को यह तय बनाने को कहा कि पंचायतों को विकास के लिये दिया गया धन प्रत्येक वार्ड में पहुंचे। जनप्रतिनिधियों को नई योजनाओं की जानकारी दें एवं प्रचार सामग्री जनप्रतिनिधयों को उपलब्ध करवाएं।
उन्होंने पंजायती राज संस्था के सभी जनप्रतिनिधियों से विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग करने का आग्रह किया। उन्हांेने कहा कि वे संबंधित विधायक के माध्यम से अपने गांवों के जन-आवश्यकता के कामों को प्राथमिकता में डलवाने का प्रयास करें। सभी मंचों पर अपनी शिकायतें अवश्य रखें ताकि व्यवस्था में सुधार होता रहे।

News Archives

Latest News