DNN (किरण चड्डा )
कृषि, जनजातीय विकास तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. रामलाल मारकण्डा ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल में न केवल लिंगानुपात बराबर करने अपितु महिला सशक्तिकरण की दिशा में सर्वश्रेष्ठ योजनाएं कार्यान्वित करने की दिशा में योजनाबद्ध कार्य कर रही है। डॉ. रामलाल मारकण्डा आज सोलन जिला के दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पट्टा बारियां में आयोजित जनमंच में बेटी है अनमोल तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत लाभार्थियों को सम्मानित करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने इस अवसर पर सभी को कन्याओं की सुरक्षा के लिए शपथ भी दिलवाई। डॉ. मारकण्डा ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ हस्ताक्षर अभियान पट्ट पर हस्ताक्षर भी किए। उन्होंने एक बूटा बेटी के नाम योजना के तहत पीपल का पौधा भी रोपा। डॉ. मारकण्डा ने कहा कि केंद्र तथा प्रदेश सरकार शिशुकाल से ही लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित बना रही है। विभिन्न योजनाओं के तहत उन्हें लाभ प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कन्या शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है क्योंकि एक सुशिक्षित कन्या ही दो परिवारों के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र को सही दिशा दिखा सकती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि लड़कियों को बेहतर शिक्षा प्रदान करें।
कृषि मंत्री ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत ग्राम पंचायत भागुड़ी की वामिनी तथा ग्राम पंचायत पट्टा बारियां की निधि को स मानित किया। उन्होंने शेरटा ग्राम की राशि, आरूषि, भूमिका, हरिपुर ग्राम की तनवी तथा खलग गांव की बबीता को बेटी है अनमोल योजना के तहत 10-10 हजार रूपये की एफडी प्रदान की।
उन्होंने जनमंच में कन्या शिशुओं का अन्न प्राशन्न संस्कार भी करवाया। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई की प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों में दिए जा रहे पोषाहार एवं अन्य प्रदर्शित वस्तुओं में गहरी रूचि दिखाई। उन्होंने इस अवसर पर हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत पट्टा नाली, ग्राम पंचायत बारियां, ग्राम पंचायत ढकरयाणा तथा ग्राम पंचायत गोयला के 25 लाभार्थियों को नि:शुल्क गैस कुनैक्शन भी उपलब्ध करवाएं।















