DNN हमीरपुर
26 अगस्त बीजेपी मौकापरस्त व पूंजीवाद की पक्षधर है। यह बीजेपी के एक्ट और कंडक्ट से लगातार स्पष्ट हुआ है। यह बात प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक राजेंद्र राणा ने यहां जारी प्रेस बयान में कही है। राणा ने कहा कि बीजेपी किसी की सगी नहीं है। बीजेपी को न जनता के हितों से कोई वास्ता है, न कानून संविधान से कोई मतलब है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चुनाव सिर पर है। विकास व बेरोजगारों को राहत देने में सरकार कंगाल है। लेकिन ऐसे में बीजेपी सरकारी खजाने के दम पर पॉलिटिक्ल एजेंडा सेट करने में लगी हुई है। राणा ने चुटकी लेते हुए कहा कि आजादी के 75 साल पूरे होने के नाम पर जो समारोह मनाया जा रहा है उस समारोह की वह आरएसएस व बीजेपी वकालत कर रही है जो आजादी के समय होने वाले आंदोलनों से भाग रही थी। जबकि कांग्रेस आजादी के आंदोलनों में लगातार भाग ले रही थी। राणा ने कहा कि आम जनता के मुद्दों से लगातार भाग रही बीजेपी जनता की परेशानियों के किसी सवाल का जवाब देना ही नहीं चाहती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र कभी एक तरफा नहीं होता है। लेकिन बीजेपी ने लोकतंत्र को एकतरफा करके रख दिया है। जहां न जनता की बात सुनी जाती है, न बीजेपी के सवाल सुने जाते हैं। राणा ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी के राज में प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री कम जबकि बीजेपी के प्रचार मंत्री के तौर पर ज्यादा मशहूर हुए हैं। जितने दिन प्रधानमंत्री संसद में रहे हैं, उससे ज्यादा दिन उन्होंने विदेशी दौरों में बिताए हैं। राणा ने कहा कि जनता, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार के सवाल पर सरकार की कार्रवाई की रिपोर्ट चाहती है लेकिन बीजेपी जुमले सुनाती है। यहां तक कि बीजेपी के भीतर भी जो आम जनता के सवाल उठाने की हिम्मत करता है, उसे गडकरी की तर्ज पर अग्निवीर बना दिया जाता है। राणा ने कहा कि अगर देश के सबसे परफॉर्मिंग मिनिस्टर गडकरी के साथ तानाशाह बीजेपी ऐसा सलूक कर सकती है तो फिर आम जनता व आम नेताओं को कब बखशेगी। इसका अंदाजा सहज लगाया जा सकता है। बीजेपी सियासत की संस्कृति चापलूसी को पोषित कर रही है व पूंजीवाद को बढ़ावा दे रही है।















