DNN बद्दी (किरण चड्डा / रेखा शर्मा)
पूर्व कांग्रेस विधायक राम कुमार चौधरी ने बिगड़ती कानून व्यवस्था, सरेआम हो रही हत्याओं व जानलेवा हमलों, दिन व दिन बढ़ती गुंडागर्दी और कबाड़ माफिया को लेकर दून भाजपा विधायक पर निशाना साधा है। बद्दी में पत्रकारों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि पटरी से उतरी कानून व्यवस्था और शांत दून विधानसभा क्षेत्र में खराब हो रहे माहौल पर भाजपा विधायक परमजीत सिंह प मी चुप्प क्यों हैं? उनकी यह चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है वहीं जनता भी हैरान है कि इतना कुछ होने के बाद भी विधायक के मुंह से दो शब्द नहीं निकल रहे। राम कुमार ने कहा कि बद्दी में पहले मर्डर और अब शीतलपुर रोड़ पर सरेआम तलवारों से हमला यह साबित करता है कि यहां पुलिस व प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं है। न ही भाजपा विधायक की पुलिस व प्रशासन पर कोई पकड़ है। अगर क्षेत्र का प्रतिनिधि ही ऐसे संगीन मामलों पर मुंह छिपाता फिरेगा तो जनता किस से जबाब मांगेगी।
चौधरी ने कहा कि आज दून की हालत से बच्चा बच्चा वाफिक है। जबरन ठेकेदारों व कांट्रेक्टरों से उगाही की जा रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने यहां पर 100 से 200 गुंडे हॉयर करके रखे हैं, जो उगाही और सैटिंग से मना करता है उसे डराया धमकाया जाता है और जान से मारने का खौफ दिखाया जाता है। राम कुमार ने कहा कि उद्योगों द्वारा लाखों रूपये की उगाही की मांग की शिकायतें मुख्यमंत्री को की जा रही हैं। कुछ अफसरों ने तो विधायक से तंग आकर यहां से तबादला करवा लिया है। विधायक खुद उद्योगों में फोन करके कहते हैं कि मेरे कार्यकर्ताओं से सैटिंग करो। जिससे साफ तौर पर जाहिर होता है कि भाजपा विधायक को जनता से कोई सरोकार नहीं है असल में वह कबाड़ के सरगना है और बस पैसा बटोरेने के लिए कुर्सी पर बैठे हैं।
पूर्व विधायक ने कहा कि पिछले साढ़े तीन साल के कांग्रेस कार्यकाल में दून का माहौल ऐसा नहीं था। लेकिन भाजपा के सत्ता में आते ही आज यहां की हालत बद से भी बदतर हो गई है। प्रदेश को 80 फीसदी राजस्व देने वाले औद्योगिक क्षेत्र में अगर ऐसी घटनाएं होंगी तो इसका उद्योग जगत व उद्यमियों पर क्या प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अगर स्थानीय लोग ही यहां सुरक्षित नहीं हैं तो बाहर से आए लोग व उद्यमी किसके भरोसे इस औद्योगिक नगरी को चलाएंगे।
चौधरी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मांग उठाई है कि अगर बीबीएन की बिगड़ती कानून व्यवस्था को पटरी पर नहीं लाया गया तो कांग्रेस सड़कों पर उतकर विरोध प्रदर्शन करने को विवश हो जाएगी। उन्होंने कहा कि 100 दिन में ही दून की जनता का मोह भाजपा विधायक से भंग हो चुका है और जनता अब आने वाले लोकसभा चुनावों में इसका जबाब देगी।


















