Dnewsnetwork
बरोटीवाला, 3 नवंबर। औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला में एक दुकानदार से फिरौती मांगने और पैसे न देने पर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर बद्दी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि दो अज्ञात नकाबपोश युवक दुकानदार की दुकान पर पहुंचे और उसके बारे में पूछताछ करते हुए फिरौती की मांग की।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता अभिषेक निवासी गांव दसोरामाजरा, तहसील बरोटीवाला, हिम लैंड सिटी मार्केट में डेनिम कपड़ों की दुकान चलाता है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसे फोन के माध्यम से धमकियां मिल रही थीं और उससे फिरौती मांगी जा रही थी। पैसे नहीं देने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार 2 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी दुकान से घर खाना खाने गया हुआ था। इसी दौरान दुकान पर काम करने वाले प्रकाश चंद का फोन आया। उसने बताया कि दो अज्ञात नकाबपोश युवक दुकान पर पहुंचे थे और अभिषेक के बारे में पूछताछ करते हुए फिरौती की मांग कर रहे थे। युवकों ने पैसे नहीं देने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशानुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आरोपियों की पहचान, उनके संभावित ठिकानों तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।














