प्रभावित क्षेत्रों में सतत् कार्यरत है प्रदेश सरकार – राम कुमार

Others Solan

DNN सोलन

मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व तथा नगर नियोजन) राम कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार भारी वर्षा से हुए नुकसान के प्रभावितों को यथा सम्भव सहायता प्रदान करने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में सतत् कार्यरत है। राम कुमार गत दिवस दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बवासनी के गांव साई, सील, सुनाणी के प्रभावितों परिवारों से बातचीत कर रहे थे।
राम कुमार ने इस अवसर पर भारी वर्षा के कारण हुए भूस्खलन से प्रभावित हुए परिवारों के क्षतिग्रस्त मकानों का जायज़ा लिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए प्रदेश सरकार द्वारा यथा सम्भव सहायता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रभावितों परिवारों को स्थानीय पाठशाला तथा आयुष भवन में ठहराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पशुधन के लिए गांव के मैदान में जगह बनाकर उन्हें ठहराया जा रहा है और उनके लिए 50 क्विंटल तुड़ी का प्रावधान भी किया गया है।
मुख्य संसदीय सचिव ने इस अवसर पर प्रभावित परिवारों के खान-पान के लिए अपने ओर से 100 राशन किटें वितरित की ताकि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। उन्होंने कहा कि प्रभावितों की सहायता के लिए ग्रामीण भी बढ़-चढ़ आगे आ रहे है। उन्होंने कहा कि प्रभावितों के लिए फौरी तौर पर अस्थाई आवास तैयार किए जाएंगे।
उन्होंने इस अवसर पर प्रभावितों परिवारों को 5000-5000 रुपये फौरी राहत के तौर पर वितरित किए।
मुख्य संसदीय सचिव ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को 1.30 लाख रुपये अपनी ऐच्छिक निधि से तथा 10 हजार रुपये अपनी ओर से देने की घोषणा की।
इस अवसर पर उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल, तहसीलदार बद्दी राजेश जरयाल सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी सहित अन्य गणमान्य तथा ग्रामीण उपस्थित थे।

News Archives

Latest News