प्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत- कुलदीप सिंह पठानिया

Chamba Himachal News Others

DNN चंबा

4 जुलाई। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज विधानसभा क्षेत्र भटियात के प्रसिद्ध सुंडल नाग मंदिर की जातर में भाग लिया।
उन्होंने सुंडल नाग मंदिर में शीश नवाज कर प्रदेश वासियों की सुख व समृद्धि की भी कामना की तथा पूर्णाहुति में भाग लिया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है । उन्होंने कहा कि सभी महत्वपूर्ण मंदिरों व देवालयों में विभिन्न विकास कार्यों को प्रसिद्ध शक्तिपीठों की तर्ज पर एक विशेष कार्य योजना के तहत किया जाएगा।उन्होंने कहा कि प्रदेश में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और प्रदेश सरकार मंदिरों के सौंदर्यकरण और अन्य मूलभूत सुविधाओं को विकसित कर हर क्षेत्र को और अधिक बढ़ावा देने पर बल दे रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि इससे ना केवल श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होगी अपितु स्थानीय लोगों को रोजगार के बेहतर अवसर भी उपलब्ध होंगे ।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक परम्परा के साथ हमारा समृद्ध इतिहास जुड़ा है। हम सबका दायित्व बनता है कि इन परंपरागत उत्सवों का आयोजन कर आने वाली पीढ़ी को इनके महत्व की जानकारी उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने
कहा कि पर्यटन और पौराणिक दृष्टि से सुंडल नाग मंदिर का अपना विशेष महत्त्व है तथा हर वर्ष हजारों की संख्या में देश व प्रदेश से श्रद्धालु इसको निहारने के लिए आते हैं।
पठानिया ने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण व सृजनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में सरकार निरन्तर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रकृति ने हिमाचल प्रदेश को असीम प्राकृतिक सौन्दर्य प्रदान किया है, जिसके परिणास्वरूप प्रदेश में लाखों की संख्या में स्वदेशी व विदेशी पर्यटक आते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन विकास की अपार सम्भावनाओं को देखते हुए अनेक बड़ी परियोजनाएं आरम्भ की गई हैं।
कुलदीप सिंह पठानिया ने मंदिर कमेटी द्वारा रखी गई सड़क निर्माण, सीढ़ियों और शौचालयों के निर्माण की मांग को पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान नाग सुंडल कमेटी के अध्यक्ष तिलक राज शर्मा तथा कमेटी के पदाधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को सम्मानित भी किया।

विधानसभा अध्यक्ष ने मंदिर में लोगों की समस्याओं को भी सुना। उन्होंने अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया तथा शेष समस्याओं के समाधान के लिए सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजय कंवर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्णचंद चेला, कांग्रेस महिला ब्लॉक अध्यक्ष शालू शर्मा, एडवोकेट राजीव कौशल डीएफओ डलहौजी रजनीश महाजन, खंड विकास अधिकारी मनीष चौधरी,अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्ष पुरी, जल शक्ति राकेश ठाकुर, सहायक अभियंता जल शक्ति पवन कौंडल, सहायक अभियंता विद्युत रमणिक सिंह, मंदिर पुजारी देसराज शर्मा एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।

News Archives