प्रदेश सरकार किसानों-बागवानों की आर्थिकी में आशातीत वृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत – राम कुमार चौधरी

Baddi + Doon Others Politics

Dnewsnetwork
दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों-बागवानों की आर्थिकी में आशातीत वृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है। राम कुमार चौधरी आज दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नन्दपुर में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय विकास योजना के तहत आयोजित शिविर को सम्बोधित कर रहे थे।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि हिमाचल एक किसान प्रधान राज्य है। किसानों व बागवानों की आर्थिकी में सुधार प्रदेश के विकास के लिए आवश्यक है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रदेश सरकार द्वारा किसानों-बागवानों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं आरम्भ की गई हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों व पशुपालकों की आर्थिकी सुदृढ़ करने के लिए प्राकृतिक खेती से उगाई जाने वाली गेहूं, मक्की व हल्दी का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया गया है। गाय के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य को 45 रुपए से बढ़ाकर 51 रुपए प्रति लीटर तथा भैंस के दूध के मूल्य को 55 रुपए से बढ़ाकर 61 रुपए प्रति लीटर किया गया है। इससे किसानों एवं पशुपालकों की आर्थिकी में आशातीत सुधार आ रहा है।
उन्होंने युवाओं व किसानों से प्रदेश सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।
राम कुमार चौधरी ने इस अवसर पर 40 किसानों को 15-15 हजार रुपए के चैक, खाद व बीज भी वितरित किए।
विधायक ने इस अवसर पर कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए समुचित धनराशि उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत और शहरी क्षेत्रों में योजनाबद्ध कार्य किया जा रहा है। ग्राम पंचायत नन्दपुर में अब तक लगभग 03 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत लोधी माजरा में शीघ्र ही 50 लाख रुपए से बीज संग्रह केन्द्र स्थापित किया जाएगा। इससे क्षेत्र के लोग लाभान्वित होंगे।
उन्होंने ग्राम पंचायत नन्दपुर में विभिन्न विकास कार्यों को पूरा करने के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की।
शिविर में कृषि एवं बागवानी विभाग के अधिकारियों ने किसानों को प्राकृतिक खेती के तरीकों, फसलों में लगने वाली बीमारियों के प्राकृतिक उपचार तथा खेती को सरल बनाने वाली तकनीकों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
शिविर में किसानों को प्रदेश सरकार द्वारा पावर टिलर, ड्रिप सिस्टम सहित अन्य आवश्यक कृषि उपकरणों पर अनुदान की जानकारी भी प्रदान की गई। किसानों को अवगत करवाया गया कि खेती करते समय दुर्घटना होने की स्थिति में 03 लाख रुपए तक के मुआवजे का प्रावधान है।
शिविर में ग्राम पंचायत नन्दपुर की प्रधान पोली देवी, ग्राम पंचायत नन्दपुर के पूर्व प्रधान रमजान मोहम्मद, पूर्व प्रधान मस्त मोहम्मद, पूर्व उप प्रधान कालू खान, संदीप गौतम, सतनाम सिंह, भूपेन्द्र, हेमन्त चौधरी, गोपाल ठाकुर, शिवा परियोजना के अधिकारी सहित 150 किसानों ने भाग लिया।

News Archives

Latest News