DNN धर्मशाला
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री किशन कपूर ने कहा कि प्रदेश में आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को जमा दो तथा ग्रेजुएशन के उपरांत प्रतियोगी परीक्षाओं की कोंचिग के लिए पहली बार मेधा प्रोत्साहन योजना शुरू की गई हैै। विद्यार्थी को मेडिकल और इंजीनियरिंग सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के लिए एक लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। वे आज राम सिंह ठाकुर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खन्यारा-खास के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के दौरान बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि योजना के लिए इस वर्ष 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है जिससें 500 विद्यार्थियों को यह सुविधा मिल सकेगी। योजना से इस वर्ष जमा दो के 350 छात्र तथा 150 ग्रजेएट छात्र लाभान्वित होंगे।
खाद्य आपूर्ति ने अध्यापकों से विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के साथ साथ उनके व्यक्तित्व विकास का आह्वान करते हुए कहा कि युवा देश के भविष्य के निर्माता हैं और बहुमुखी प्रतिभा को निखारा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द, पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल व जयराम ठाकुर साधारण परिवारों से थे जिन्होंने एक मुकाम हासिल किया है।
किशन कपूर ने कहा कि खन्यारा स्कूल के बच्चों ने सब जगह शिक्षा, खेल तथा संस्कृति में बुलन्दियों को छुआ है। उन्होंने कहा कि मां-बाप तो बच्चों को जन्म देते है परन्तु सही मायने में उनकी जिन्दगी में निखार अध्यापक ही लाते हैं। उन्होंने कहा कि जब उनका पढ़ाया एक बच्चा शिखर तक पहुंचता है तो सबसे अधिक खुशी अध्यापकों को ही होती है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे बचपन से ही अपना लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए स्कूल प्रबन्धन, एसएससी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बढ़िया प्रदर्शन के लिए संगीत अध्यापक जिनमय गुलेरिया की तारीफ की।
स्कूल के प्रधानाचार्य नवीन भंडारी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी तथा स्कूल द्वारा चलाई गई विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।















