WATCH VIDEO पर्यावरण को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डा. बिंदल ने की ये अपील
DNN सोलन
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि पौधरोपण मात्र एक कार्यक्रम नहीं अपितु भविष्य के संरक्षण एवं पर्यावरण का सजग प्रहरी बनने की दिशा में महत्वपूर्ण पग है। डॉ. बिंदल नगर परिषद सोलन के वार्ड नंबर 14 में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेवा समिति द्वारा आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। डॉ. बिंदल ने इस अवसर पर बेल का पौधा रोपा। क्षेत्र में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेवा समिति द्वारा प्रात: 5.00 बजे से 200 से अधिक पौधे लगाए गए। पौधरोपण कार्यक्रम अगले तीन दिन तक जारी रहेगा।
डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का एक अलग जिला बनने के उपरांत सोलन ने प्रगति के अनेक सोपान तय किए हैं। आज सोलन जिला एवं सोलन शहर, विकास के अनेक आयामों को प्राप्त कर चुका है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय सर्वाधिक सोलन में है। उन्होंने कहा कि सोलन आज कंकरीट के जंगल में बदल रहा है। इस दिशा में हम सभी को समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करना होगा ताकि सोलन को हरा-भरा रखा जा सके। उन्होंने कहा कि इस दिशा में हमें न केवल अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे अपितु उन पौधों की शिशुओं की तरह देखभाल भी करनी होगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वार्ड नंबर-14 में शीघ्र ही नगर परिषद सोलन द्वारा पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय महाकालेश्वर मंदिर के समीप नाले के कार्य एवं भूमि कटाव रोकने के लिए 3 लाख रुपये तथा सड़क पर पेवर निर्मित करने के लिए 2 लाख रुपये स्वीकृत किए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत धनराशि शीघ्र ही उपायुक्त सोलन के माध्यम से उपलब्ध करवा दी जाएगी।
उन्होंने इस अवसर पर जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इनके निवारण के निर्देश दिए।



















