पेयजल योजना निर्माण में धांधली के आरोप, ग्रामीणों ने डीसी सिरमौर को सौंपी शिकायत

Himachal News

DNN नाहन

28 मार्च। जल जीवन मिशन के तहत जल शक्ति विभाग ददाहू सबडिवीजन के तहत कालीमाटी-बांदल पेयजल योजना के निर्माण में ग्रामीणों ने जहां ठेकेदार पर धांधली बरतने के साथ-साथ ठीक से कार्य न करने के आरोप लगाए हैं, तो वहीं इस मामले में जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए है। इस संदर्भ में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधि मंडल आज डीसी सिरमौर के समक्ष शिकायत करने पहुंचा। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर भी की है।
मीडिया से बात करते हुए बांदल गांव से आए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनके गांव के लिए जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजना का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसमें ठेकेदार द्वारा सही तरीके से काम नहीं किया जा रहा है। हाल ही में बने सोर्स टैंक में दरारें आने से जहां टैंड लीक हो रहा है, तो वहीं योजना की पाइपों को भी सही तरीके से नहीं बिछाया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि जब ठेकेदार को सही तरीके से काम करने के लिए कहा जाता है, तो उल्टें वह ग्रामीणों को धमकाने लग जाता है। योजना में अधिकतर कार्य में धांधली बरती जा रही है। संबंधित विभाग के अधिकारी भी ग्रामीणों की शिकायत को अनसुना कर रहे हैं। मजबूरन उन्हें डीसी सिरमौर के पास शिकायत करने आना पड़ा। ग्रामीणों ने कहा कि वर्तमान में गांव में पानी की बहुत समस्या है। काफी दूर नल से ग्रामीणों को पानी ढोना पड़ता है। सरकार द्वारा गांव को अब पेयजल योजना से जोड़ा जा रहा है, लेकिन उसके कार्य में भी लापरवाही बरती जा रही है। गांव में करीब 70 परिवार है, जिन्हें पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने डीसी सिरमौर ने इस मामले में जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
दूसरी तरफ इस मामले में डीसी सिरमौर राम कुमार गौतम ने ग्रामीणों की शिकायत पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। साथ ही इस संबंध में जल शक्ति विभाग को दिशा निर्देश जारी किए है।

News Archives

Latest News