DNN ऊना
उपायुक्त ऊना राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि उपायुक्त कार्यालय में विभिन्न समस्याओं को लेकर आने वाले पूर्व सैनिकों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाता है। उपायुक्त जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में सैनिक कल्याण बोर्ड के सदस्यों द्वारा पूर्व सैनिकों के लिए जिला मुख्यालय में बैठक इत्यादि हेतु कोई उपयुक्त स्थान न होने का मामला रखा। जिस पर उपायुक्त ने कहा कि ऊना में बनने वाले नए मिनी सचिवालय परिसर में बैठक कक्ष का भी प्रावधान किया गया है। जिसे पूर्व सैनिकों को आवश्यकतानुसार मुहैया करवाया जाएगा।
उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया ताकि ज्यादा से ज्यादा पात्रों को लाभान्वित किया जा सके। उन्होने बताया कि हवलदार रैंक तक के पूर्व सैनिकों की दो बेटियों तक शादी के लिए सरकार द्वारा पचास हजार रूपये तक का विशेष अनुदान दिया जाता है। उन्होने संबंधित विभागीय अधिकारियों से इस योजना के भी व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया।
उपायुक्त ने गत तीन माह की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए बताया कि जिला में इस दौरान 56 पूर्व सैनिकों व 130 विधवाओं को जिन्हे किसी प्रकार की पेंशन नहीं मिलती है को लगभग 11 लाख रूपये की राशि बतौर बुढ़ापा पेंशन वितरित की गई। उन्होने बताया कि इसी अवधि के दौरान जहां आर एंड आर निधि के माध्यम से 43 पूर्व सैनिकों व विधवाओं को जहां 4 लाख 30 हजार रूपये की राशि आवंटित की गई तो वहीं तीन मामलों को निदेशक सैनिक कल्याण हमीरपुर को भेजा गया है। उन्होने बताया कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय द्वारा पूर्व सैनिकों व विधवाओं के बच्चों को जहां शिक्षा ग्रांट हेतु कुल 130 आवेदन ऑनलाइन भेजे जा चुके हैं तो वहीं प्रधान मंत्री स्कॉरशिप ग्रांट के लिए 16 मामलों को ऑनलाइन भेजा जा चुका है। उन्होने बताया कि सैनिक की अकस्मात मृत्यु होने पर 15 हजार रूपये की फौरी राहत जिला कार्यालय द्वारा झंडा निधि दिवस से 7 परिवारों को एक लाख पांच हजार रूपये प्रभावितों के परिजनों को वितरित किए हैं। इसके अलावा एक्सग्रेशिया ग्रांट के तहत कुल आठ विधवाओं को 31 लाख 35 हजार रूपये उपलब्ध करवाए गए हैं। इसी अवधि के दौरान जहां 15 पारिवारिक पेंशन के मामले संबंधित कार्यालय को भेजे गए हैं तो वहीं 130 पूर्व सैनिकों व विधवाओं के आश्रित प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त कृतिका कुलहरी, उपनिदेशक सैनिक कल्याण मेजर रघवीर सिंह, सीएमओ डॉ0 निखिल, कर्नल टीएस जसवाल, कैप्टन प्रीतम डढवाल, कैप्टन सुशील कुमार, नायब सूबेदार मान चंद, सहित अन्य सरकारी व गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे।



















