DNN कुठाड़ (अमित)
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जहां वीरवार को कुनिहार में आगामी चुनाव न लड़ने की बात कहकर हिमाचल प्रदेश की राजनीति में हलचल पैदा कर दी थी। वहीं उन्होंने शुक्रवार को कुठाड़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि उनके इस ऐलान के बाद प्रदेशभर से समर्थकों ने उन्हें फोन किया और अपना फैसला बदलने के लिए कहा जिसके बाद अब उन्होंने तय किया है कि वह अगला चुनाव लड़ेंगे और पार्टी के लिए भी प्रचार करेंगे। एक सवाल के जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप राठौर की पीठ थपथपाते हुए कहा कि कुलदीप राठौर के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन प्रदेश में जबरदस्त कार्य कर रहा है और वर्ष 2022 का चुनाव कुलदीप राठौर के नेतृत्व में कांग्रेस जीतने में कामयाब रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं भी पार्टी में चल रहे मतभेदों को समाप्त करके सबको एकजुट करने के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने साफ कहा कि कुलदीप राठौर एक सक्षम प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर अपने आपको साबित कर रहे हैं और कुलदीप राठौर कोशिश कर रहे हैं कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस मजबूत हो। उन्होंने यह भी कहा कि कुलदीप राठौर का सकारात्मक रवैया है और इसका लाभ उन्हें जरूर मिलेगा। उन्होंने कुलदीप राठौर की संगठन को चलाने को लेकर पीठ थपथपाई।















