पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाई दो गिरफ्तार

Crime Shimla
Dnewsnetwork
शिमला पुलिस ने हत्या के मामले की गुत्थी सुलझा ली है।मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।एसएसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि शिमला जिले के उपमंडल रोहड़ू के तहत चिड़गांव पुलिस ने एक नेपाली मूल के व्यक्ति की हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या के 2 मुख्य आरोपियों को कुल्लू जिले के कसोल और मणिकर्ण क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि 18 फरवरी को हत्या का यह मामला सामने आया था। पुलिस को 112 हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना मिली कि पब्बर नदी के पास किलोचा नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मृतक के हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर से खून बह रहा था। मौके पर डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान और चिड़गांव थाना पुलिस ने पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान 36 वर्षीय राकेश प्रताप उर्फ सेती राम (निवासी नेपाल) के रूप में हुई, जो बडियारा क्षेत्र में बागवानी मजदूर का काम करता था।
घटनास्थल से पुलिस को पत्थर और खंजर बरामद हुए। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। साक्ष्यों के विश्लेषण से पुलिस को ललित राणा उर्फ लक्ष्मण राणा (20) और साहबीर लुवर (21) पर शक हुआ, जो कुछ दिन पहले मजदूरी के लिए क्षेत्र में आए थे और घटना के बाद से लापता थे। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की और उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में पता चला कि 17 फरवरी की रात आरोपियों ने राकेश प्रताप के कमरे में साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद वे उसे बहाने से नदी किनारे ले गए। इस दौरानतेजधार हथियार और पत्थरों से राकेश पर हमला कर दिया। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने पत्थर से उसका चेहरा बुरी तरह कुचल दिया और उसका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।

News Archives

Latest News