DNN नाहन
उपमंडल शिलाई के कांडो भटनोल में बुधवार रात एक पिकअप के गहरी खाई में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे शिलाई क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के मुताबिक कांडो भटनोल संपर्क सड़क पर बुधवार देर रात पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में सुनील (24) प्रदीप (19) की मौत हो गई। हादसे की सूचना लोगों ने तुरंत शिलाई पुलिस के साथ साथ एंबुलेंस को दी। साथ ही ग्रामीण राहत व बचाव कार्य में लग गए। घायलों को गहरी खाई से निकालकर शिलाई अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, अभी हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। शिलाई पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है। शिलाई पुलिस ने हादसे में दो युवकों की मौत की पुष्टि की है। शिलाई पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।















