DNN नूरपुर
जल शक्ति अभियान की चीफ नोडल अधिकारी नंदिता गुप्ता ने कहा कि पानी के सरंक्षण के प्रति सजग और संवेदनशील बनना बेहद जरूरी है। जिसके लिये वर्षा जल की हर बूँद को सहेज कर रखना होगा। यह विचार उन्होंने आज शनिवार को इंदौरा विकास खण्ड में जल शक्ति अभियान के अंतर्गत सन्चालित की जा रही गतिविधियों का जमीनी स्तर पर जायजा लेने के उपरांत प्रताप वर्ल्ड स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए व्यक्त किये। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार द्वारा जल शक्ति अभियान के लिये नियुक्त चीफ नोडल ऑफिसर नंदिता गुप्ता अपनी टीम के अन्य सदस्यों सहित गत 13 जुलाई को इस क्षेत्र का दौरा कर चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि जल सरंक्षण से न केवल भूजल के स्तर में आवश्यक सुधार होगा, बल्कि कम पानी वाले क्षेत्रों में लोगों को पानी उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिये हमें सामूहिक स्तर पर विशेष प्रयास करने होंगे। उन्होंने इस अभियान से जुड़े अधिकारियों से अभियान की सफलता के लिये चरणबद्ध तरीके से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित बनाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को संचालित गतिविधियों को प्रतिदिन पोर्टल पर अपलोड करने के भी निर्देश दिये।
नंदिता गुप्ता ने कहा कि यह अभियान समयबद्ध मिशन मोड़ अभियान है, जो देश व प्रदेश के सतत विकास के लक्ष्य की प्राप्ति में सहायक होगा। जिसके सभी स्तरों पर पूरी जिंम्मेदारी व ईमानदारी के साथ एकीकृत प्रयास की जरूरत है। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों, एनजीओ सहित सभी युवक व महिला मंडलों से भी इस अभियान के तहत चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों से जुड़ने अपना सक्रिय रचनात्मक सहयोग की अपील की, ताकि हम लक्षित उद्देश्य को पूर्ण करने में कामयाब हो सकें।
इससे पहले नंदिता गुप्ता ने क्षेत्र में गत रात से हो रही भश्री बारिश के बावजूद इंदौरा व अन्य क्षेत्रों में प्राकृतिक जल स्रोतों, तालाबों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को इंदौरा शहर के तालाब के सौन्दर्यकरण के भी निर्देश दिये।














