DNN कुल्लू (चमन शर्मा)
जिला कुल्लू को आउटर सिराज से जोड़ने वाला एक मात्र एनएच 305 औट-लुहरी-सैंज मार्ग बर्फबारी के कारण यातायात के लिए बाधित हो गया है। जलोड़ी दर्रा बंद होने से एनएच-305 पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लग गई है। शुक्रवार शाम से हो रही लगातार बर्फबारी से 10280 फीट की ऊंचाई पर स्थित जलोड़ी दर्रे में करीब आधा फीट से अधिक बर्फबारी हो चुकी है और अभी भी बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। इस कारण बंजार उपमंडल के सोझा से आगे वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकी। वीरवार को जिला कुल्लू के उपरी इलाकों में हुई बर्फबारी व निचले इलाकों में बारिश होने से जहां तापमान में गिरावट आई है।
वहीं इससे कुल्लू, बंजार, आनी क्षेत्र में पड़ी खुश्क ठंड पर भी अंकुश लग गया है। यह मार्ग आनी विधानसभा क्षेत्र को जिला मुख्यालय कुल्लू से जोड़ता है जो बर्फ गिरने से यातायात के लिए बंद है, जिस कारण आनी व निरमंड के लोगों को करसोग, मंडी, शिमला होकर जाना पड़ रहा है। खनाग पंचायत के उपप्रधान बुद्धि सिंह ठाकुर ने कहा कि यह नेशनल हाई-वे बरसात और सर्दियों में बर्फबारी होने के कारण यातायात के लिए बंद रहता है। जलोड़ी पास की समस्या 50 साल पुरानी है। दूसरी ओर हो रही बारिश और बर्फ़बारी से किसान बागबानों के चेहरे चहक उठे है ।















