DNN परवाणू
परवाणू में एक उद्योगपति की शिकायत पर जिला सोलन विजिलेंस की टीम ने कर्मचारी राज्य बीमा निगम में कार्यरत एक निरीक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथो गिरफ्तार किया है। कर्मचारी राज्य बीमा निगम के परवाणू कार्यालय में तैनात उक्त निरीक्षक एक औद्योगिक इकाई का निरीक्षण करने की एवज में 4500 रुपए की रिश्वत मांग रहा था, जिसे जिला सोलन विजिलेंस की टीम ने ट्रैप बिछाकर रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार परवाणू के सेक्टर एक स्थित उद्योग इकाई के निरीक्षण की एवज में उक्त निरीक्षक 4500 रुपए की मांग कर रहा था। उद्योग के प्रबंधक ने इसकी शिकायत विजिलेंस को दी। विजिलेंस सोलन के डीएसपी संतोष शर्मा के नेतृत्व में विजिलेंस की टीम ने ट्रैप लगाकर कर्मचारी राज्य बीमा निगम, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार के शाखा कार्यालय सेक्टर 2 परवाणू में कार्यरत निरीक्षक राजिंद्र कुमार को उद्योग इकाई के कार्यालय में 4500 रूपए रिश्वत के रूप में लेते हुए रंगे हाथो गिरफ्तार कर लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए जिला सोलन विजिलेंस के डीएसपी संतोष शर्मा ने बताया की इस मामले में 4500 रुपए की राशि बतौर रिश्वत लेते हुए राजिन्द्र सिंह को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा जिसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।














