परवाणु में इण्डोर स्टेडियम निर्मित करने की सम्भावनाएं तलाशी जाएंगी-सैजल

Kasauli Politics Solan Sports

DNN परवाणु

सामाजिक न्याय एवं अधिकरिता तथा सहकारिता मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि सोलन ज़िला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के परवाणु में इण्डोर स्टेडियम निर्मित करने की सम्भावनाएं तलाशी जाएंगी। डाॅ. सैजल आज परवाणु में परवाणु स्पोर्टस क्लब द्वारा आयोजित दो दिवसीय परवाणु कप क्रिकेट प्रतियोगिता के शुभारम्भ के अवसर पर उपस्थित खिलाड़ियों एवं अन्य को सम्बोधित कर रहे थे।
इस क्रिकेट प्रतियोगिता में हिमाचल, पंजाब, हरियाणा व चण्डीगढ़ की लगभग 25 टीमें भाग ले रही हंै।
डाॅ. सैजल ने इस अवसर पर नशा निवारण जागरण अभियान के तहत नशा निवारण हस्ताक्षर पट्ट पर हस्ताक्षर भी किए।
डाॅ. सैजल ने कहा कि परवाणु में इण्डोर स्टेडियम के निर्माण के लिए अधिकारियों को शीघ्र भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को प्रोत्साहित कर युवाओं की ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह प्रयास किया जा रहा है कि प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमन्त्री युवा निर्माण योजना के तहत चरणबद्ध तरीके से दो बड़े बहुदेशीय मैदान निर्मित किए जाएं।
डाॅ. सैजल ने कहा कि सभी को किसी न किसी खेल गतिविधि में अवश्य भाग लेना चाहिए। खेल व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ उन्हें प्रत्येक परिस्थिति से निपटने के लिए भी तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खेल एक आकर्षक कैरियर भी बन कर उभरे हैं। उन्होेंने कहा कि खेलों में सर्वोच्च स्थान पर पंहुचने के लिए योग्य गुरू के मार्गदर्शन में अनुशासन के साथ नियमित अभ्यास आवश्यक है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकरिता मंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे के मकड़जाल से बचाने के लिए उन्हें खेलों से जोड़ना समय की मांग है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि नशे को न कहें और परिश्रम के साथ अपने भविष्य को संवारें।
उन्होंने इस अवसर पर परवाणु स्पोर्टस क्लब को अपनी एच्छिक निधि से 21,000 रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की।

News Archives

Latest News