नौणी किसान मेले का आगाज, कबड्डी में 16 जूनियर टीमों ने दिखाया दमखम

Others Solan

Dnewsnetwork

नौणी, 25 सितंबर। निर्मल ग्राम पंचायत नौणी में शुक्रवार को वार्षिक किसान मेले का शुभारंभ हुआ। मेले के पहले दिन कबड्डी प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। प्रतियोगिता का शुभारंभ ग्राम पंचायत नौणी की प्रधान शिवानी ठाकुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शमरोड़ के प्रधानाचार्य तथा मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने किया। कबड्डी प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में 16 टीमों ने भाग लिया, जबकि सीनियर वर्ग में भी बड़ी संख्या में टीमें हिस्सा ले रही हैं। कबड्डी प्रतियोगिता 25 और 26 सितंबर को आयोजित की जा रही है। किसान मेले के दौरान कृषि प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कबड्डी प्रतियोगिता और दंगल सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

मेले का मुख्य कार्यक्रम 27 सितंबर को आयोजित होगा। इसमें स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनिराम शांडिल मुख्य अतिथि, जबकि हरमिंदर सिंह बेबेजा विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान ग्राम पंचायत नौणी की प्रधान शिवानी ठाकुर और मेला कमेटी द्वारा अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। मुख्य अतिथि द्वारा नौणी पंचायत में वाटिका एवं खेल मैदान तथा पार्किंग का उद्घाटन भी किया जाएगा। अखिल भारतीय पंचायत परिषद हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष एवं नौणी पंचायत के पूर्व प्रधान बलदेव सिंह ठाकुर द्वारा नौणी को हिमाचल प्रदेश की आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करने तथा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की योजना के संबंध में मंत्री और विश्वविद्यालय के कुलपति के समक्ष जानकारी रखी जाएगी।

मेले के आयोजन में नौणी, शमरोड़ और ओच्छघाट पंचायतों के साथ-साथ नौणी विश्वविद्यालय के आसपास के क्षेत्रों के लोगों का भी सहयोग मिल रहा है। आयोजन पर करीब तीन से चार लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

26 सितंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम

मेले के तहत 26 सितंबर को शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक लोक संपर्क एवं लोक कला-संस्कृति विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शमरोड़, प्राथमिक पाठशाला शमरोड़ और सेंट एमरोज स्कूल नौणी के विद्यार्थी भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। मेले के दौरान स्थानीय युवाओं के सहयोग से 26 सितंबर को तथा सामाजिक कार्यकर्ता कमल कश्यप के सहयोग से 27 सितंबर को भंडारे का आयोजन किया जाएगा। ग्राम पंचायत नौणी और मेला कमेटी ने क्षेत्रवासियों से किसान मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रमों का आनंद लेने की अपील की है।

Latest News