डीएनएन कुल्लू
वन, परिवहन, युवा सेवाएं व खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा है कि बेहतर प्रबंधन और अधिकारियों-कर्मचारियों के टीम वर्क से हिमाचल पथ परिवहन निगम की कायाकल्प की जाएगी। सोमवार को बाशिंग स्थित हिमाचल पथ परिवहन निगम के कुल्लू डिपो की वर्कशाप में कर्मचारियों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि निगम के लिए अतिरिक्त बजट के प्रावधान हेतु उन्होंने स्वयं वित विभाग के उच्च अधिकारियों से बात की है। इससे निगम के कर्मचारियों और पेंशनरों को काफी राहत मिलेगी। गोविंद सिंह ने कहा कि निगम की बेहतरी के लिए कर्मचारियों से सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे और वे लिखित में अपने सुझाव दे सकते हैं। व्यवहारिक और प्रभावी सुझावों पर विचार किया जाएगा तथा उन्हें लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निगम में अच्छा कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। कर्मचारियों की व्यवहारिक मांगों को भी सरकार पूरा करेगी। परिवहन मंत्री ने कहा कि निगम की आर्थिक स्थिति और अन्य सभी पहलुओं के आकलन के बाद ही वह बड़े कदम उठाएंगे, और प्रदेश में एक सुदृढ़ सार्वजनिक परिवहन तंत्र विकसित करने का भरसक प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर निगम के मंडलीय प्रबंधक एएन सलारिया, क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चंद मनेप्पा, कर्मचारी राम लाल और महिमन ने परिवहन मंत्री का स्वागत किया तथा कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। अभिनंदन समारोह के बाद गोविंद सिंह अपने गृह क्षेत्र मनाली की ओर रवाना हुए। स्थानीय लोगों ने उनका जगह-जगह भव्य स्वागत किया तथा उन्हें केबिनेट मंत्री बनने हार्दिक बधाई दी। बाशिंग, बंदरोल, रायसन, पतलीकूहल और कई अन्य स्थानों पर लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। इस मौके पर वन, परिवहन, युवा सेवाएं व खेल मंत्री के साथ बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और भाजपा के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।