निगम की बस ने स्कूटी को मारी टक्कर, 1 की मौत 1 घायल

Baddi + Doon Crime

DNN बददी
पुलिस थाना नालागढ़ के तहत किरपालपुर में तेज रफ्तार हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार एक प्रवासी कामगार की मौत हो गई। जबकि हादसे में एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ अस्पताल भेज दिया। वहीं हादसे में घायल का स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने एचआरटीसी बस के चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक रविवार शाम पांच बजे किरपालपुर के पास एचआरटीसी के परवाणू डिपो की तेज रफ्तार बस ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि स्कूटी चालक विनोद कुमार निवासी ओरंगाबाद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य सवार शैलेंद्र कुमार (24) निवासी गोरखपुर यूपी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल प्रवासी का नालागढ़ के सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद लोगों ने एंबुलेंस व पुलिस को हादसे की सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया और मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक विनोद कुमार खेड़ा स्थित कंगारू उद्योग में कार्यरत था। डीएसपी नालागढ़ अनिल वर्मा ने बताया कि पुलिस ने एचआरटीसी बस के चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ अस्पताल रवाना कर दिया है।

News Archives

Latest News