डीएनएन सोलन
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में 25 मार्च 2018 को निःशुल्क कैंसर जागरूकता एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके दरोच ने दी। डॉ. दरोच ने कहा कि इस शिविर में रशियन कैंसर संस्थान मुंबई के कैंसर विशेषज्ञ डॉ. दिनेश पेंढारकर कैंसर के रोगियों को परामर्श देंगे। डॉ. पेंढारकर इंडियन सोसायटी ऑफ ऑन्कोलॉजी के अध्यक्ष हैं। वे वर्तमान में हिमाचल प्रदेश सहित ओडिशा, राजस्थान तथा मध्यप्रदेश में कैंसर रोगियों को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। डॉ. दरोच ने कहा कि यह निःशुल्क परामर्श शिविर 25 मार्च को सांय 3.00 बजे से 5.00 बजे तक क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की कैंसर केयर यूनिट में आयोजित किया जाएगा। शिविर का लाभ उठाने के लिए रोगियों को पहले अपना पंजीकरण करवाना होगा। रोगियों को 24 मार्च तक कैंसर केयर यूनिट में अपना पंजीकरण करवाना होगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि शिविर में कैंसर रोगियों की पूर्ण जांच एवं आवश्यकता पड़ने पर कीमोथैरेपी निःशुल्क की जाएगी। गत एक वर्ष से क्षेत्रीय अस्पताल की कैंसर केयर यूनिट में सभी जांच एवं कीमोथैरेपी निःशुल्क की जा रही है।
















