DNN नालागढ़
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा कार्यान्वित किए गए विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत आज पूजा कलामंच बाड़ीधार के कलाकारों ने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत माजरा, नवाग्राम, जोघों, खिलियां, मितियां तथा नण्ड में प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं व कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान की। कलाकारों ने गीत-संगीत व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जहां उपस्थित जनसमूह का भरपूर मनोरंजन किया वहीं विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए भी लोगों को बताया।
पूजाकला मंच के प्रभारी राजू भाटिया तथा कलाकार भूप सिंह, सुरेश कुमार, रमेश कुमार, दीपक कुमार, स्वर्णजीत, मंजू, सोनू, कमलेश कुमार ने नुक्कड़ नाटक दो बेरोजगार के माध्यम से मुख्यमंत्री युवा आजीविका योजना की जानकारी प्रदान की। कलाकारों ने बताया कि योजना के अंतर्गत स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने और युवाओं को उनके घर के नजदीक ही स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवााए जा रहे हैं। योजना के तहत 18 से 40 वर्ष के युवाओं को 30 लाख रुपये तक के निवेश पर 25 प्रतिशत पूंजीगत अनुदान देने का प्रावधान किया गया है। महिलाओं के लिए यह अनुदान 30 प्रतिशत है।
कलाकारों ने समूह गान प्रकृति की बंध गई है डोर…आज हिमाचल बढ़ चुका है शिखर की ओर के माध्यम से मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना, जल से कृषि को बल योजना तथा सौर सिंचाई योजना के बारे में जानकारी प्रदान की। कलाकारों ने हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना, जनमंच, आयुष्मान भारत योजना तथा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की।















