Dnewsnetwork
सोलन जिला के नालागढ़ में फायरिंग की हुई है। घटना में एक युवक घायल हुआ है। पुलिस ने घटना की कुछ सूचना मिलने के कुछ देर बाद ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच चल रही है।एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस थाना नालागढ़ के अंतर्गत वार्ड नं. 02, नालागढ़ में फायरिंग की एक घटना सामने आई। उन्होंने बताया कि अभी तक की जांच में पाया गया है कि आरोपी दिशांत उर्फ दिशु तथा घायल अमीर खान आपस में मित्र थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिस पर आरोपी ने अमीर पर देसी कट्टे से फायर कर दिया।
इस घटना में अमीर के हाथ में गोली लगी तथा कुछ छर्रे उसके पेट में भी लगे। घायल को तत्काल सिविल अस्पताल नालागढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के उपरांत उसे आगामी इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। घायल की स्थिति स्थिर है। घटना के संबंध में थाना नालागढ़ में आरोपी के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है । मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गईं। बद्दी पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के मात्र एक घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त देसी कट्टा तथा कारतूस का खोल भी बरामद कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।















