नशा रोको अभियान को कड़ाई से लागू किया जा रहा है-SP

Himachal News Others Solan

DNN सोलन
पुलिस अधीक्षक सोलन मधुसूदन शर्मा ने युवाओं से आग्रह किया कि वे नशे से दूर रहें तथा नशे की रोकथाम के लिए पुलिस प्रशासन को सहयोग प्रदान करें। मधुसूदन शर्मा आज सोलन जिला की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ओच्छघाट में आयोजित नशे के दुष्प्रभावों पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मधुसूदन शर्मा ने कहा कि किसी भी प्रकार का नशा मूल रूप से जहर है। इसका सेवन विभिन्न प्रकार के शारीरिक व मानसिक विकार उत्पन्न करता है। उन्होंने कहा कि जो लोग नशे का सेवन अनचाही परिस्थितियों से पीछा छुड़ाने के लिए करते हैं वे स्वयं व अपने परिवार को बर्बादी की कगार पर खडा़ कर देते हैं। उन्होंने कहा कि नशे की लत से पीडि़त व्यक्ति परिवार के साथ समाज पर बोझ बन जाता है। उन्होंने कहा कि नशे के दुर्व्यसन से बचाने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा नशा रोको अभियान को कड़ाई से लागू किया जा रहा है। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार पुलिस विभिन्न प्रकार के नशों की बिक्री को पूर्ण रूप से रोकने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि अपने आसपास के परिवेश पर नजर रखें और नशे के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि आम जन के सहयोग से ही नशे जैसे सामाजिक अभिशाप से मुक्ति पाई जा सकती है।
इस अवसर पर ड्रग फ्री वर्ल्ड फाउंडेशन के अवि वत्स ने कहा कि नशा एक ऐसी बुराई है जो हमारे समूल जीवन को नष्ट कर देती है। नशे के रूप में लोग शराब, गाँजा, जर्दा, ब्राउन शुगर, कोकीन, स्मैक, हैरोइन इत्यादि मादक पदार्थों का प्रयोग करते हैं, जो स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक दोनों लिहाज से ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि नशे के आदि व्यक्ति को समाज में हेय दृष्टि से देखा जाता है और उसकी सामाजिक क्रियाशीलता शून्य हो जाती है।

News Archives

Latest News